वाराणसी में नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच E-1 में सफाई के दौरान रेलवे कर्मचारियों को एक लावारिस बैग मिला। बैग में भारतीय और विदेशी मुद्रा समेत कुल 3.44 लाख रुपये की रकम थी। कर्मचारियों ने बैग को आरपीएफ के हवाले कर उसके असली मालिक सिंगापुर के पर्यटक लिम वेंग शांग तक सुरक्षित पहुंचाया।
Knews Desk – जानकारी के मुताबिक, सिंगापुर के पर्यटक लिम वेंग शांग 20 नवंबर को ट्रेन संख्या 22416 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस से वाराणसी पहुंचे थे। वाराणसी जंक्शन पर उतरने के बाद उनका एक काला बैग ट्रेन में ही छूट गया।
ट्रेन के यार्ड में पहुंचने के बाद नियमित सफाई और जांच के दौरान कोच E-1 की सीट संख्या 35 के पास कर्मचारियों को बैग मिला। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल को दी।
बैग में मिली भारतीय और विदेशी मुद्रा
आरपीएफ की मौजूदगी में बैग की जांच की गई तो उसमें 2.11 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा मिली। इसके अलावा 1,000 अमेरिकी डॉलर, 1,22,000 श्रीलंकाई रुपये और 66 सिंगापुर डॉलर भी बैग में थे। भारतीय और विदेशी मुद्रा की कुल कीमत 3.44 लाख रुपये बताई गई।
रेलवे अधिकारियों ने बैग में मौजूद सामान और नकदी का विवरण तैयार किया और उसके वास्तविक मालिक की पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
रेल मदद पर शिकायत के बाद हुई पहचान
बैग गायब होने का पता चलने पर लिम वेंग शांग परेशान हो गए और उन्होंने रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई। रेलवे अधिकारियों ने शिकायत में दी गई जानकारी और बैग में मौजूद सामान का मिलान किया। इसके बाद पर्यटक की पहचान की पुष्टि की गई और स्टेशन निदेशक की मौजूदगी में उनका बैग और सामान सुरक्षित वापस कर दिया गया।
बैग वापस मिलने पर लिम वेंग शांग ने भारतीय रेलवे और संबंधित कर्मचारियों का आभार जताया और उनकी ईमानदारी की तारीफ की।
वहीं, एक अन्य घटना में वंदे भारत ट्रेन में एक महिला यात्री की अंगूठी भी सुरक्षित लौटाई गई। महिला की अंगूठी ट्रेन की बर्थ पर छूट गई थी। ट्रेन मैनेजर ने ड्यूटी पर नहीं होने के बावजूद महिला की मदद की और उसकी अंगूठी सुरक्षित वापस कराई।