दिल्ली पुलिस ने ऐसे लूट गिरोह का खुलासा किया है, जो सुनसान सड़कों पर राहगीरों और वाहन चालकों को फंसाने के लिए एक सदस्य को महिलाओं के कपड़े पहनाकर खड़ा करता था। पुलिस के मुताबिक, मदद मांगने के बहाने वाहन रुकवाया जाता और जैसे ही चालक नीचे उतरता, गिरोह के दूसरे सदस्य हमला कर नकदी और कीमती सामान लूट लेते थे। मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
Knews Desk – पुलिस के मुताबिक, गिरोह का एक सदस्य महिलाओं के कपड़े पहनकर सुनसान सड़क पर खड़ा होता और गुजरने वाले वाहन चालकों से मदद मांगने का इशारा करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति मदद के लिए रुककर वाहन से बाहर आता, आरोपी उसे पकड़ लेता या काबू कर लेता। इसके बाद झाड़ियों या आसपास छिपे उसके साथी बाहर निकलकर पीड़ित पर हमला करते और नकदी व सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खासकर देर रात और तड़के अकेले सफर करने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। यमुना खादर के आसपास के सुनसान रास्तों पर इस तरीके से लोगों को जाल में फंसाया जाता था।
4 बजे टेंपो चालक को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को सुबह करीब 4:05 बजे लूट की एक वारदात सामने आई। एक टेंपो चालक सिग्नेचर ब्रिज से बुराड़ी के अशोक विहार की ओर प्लाईवुड लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसे महिलाओं के कपड़े पहने एक व्यक्ति ने मदद के लिए इशारा किया।
चालक ने वाहन रोककर जैसे ही नीचे उतरकर मदद करने की कोशिश की, आरोपी ने उसे पकड़ लिया। तभी एक अन्य आरोपी ने पीछे से उसका गला दबा दिया। इसके बाद दो और लोग वहां पहुंचे और चालक से मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद और तीन चाबियां लूट लीं। पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचा और पुलिस को सूचना दी।
दो आरोपी गिरफ्तार, दूसरे साथियों की तलाश
पुलिस ने मामले की जांच के बाद 28 वर्षीय मोनू उर्फ चाइनीज और 26 वर्षीय सागर शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की गिरफ्तारी से न्यू उस्मानपुर और शास्त्री पार्क इलाके में हुई लूट की दो वारदातों को सुलझाने में मदद मिली है। पुलिस ने लूटी गई नकदी भी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बाबा श्याम गिरी मंदिर के पास हुई एक अन्य लूट में शामिल होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, उस वारदात में भी इसी तरीके का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मोनू के खिलाफ पहले से 13 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं सागर के खिलाफ लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े पांच मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इसी तरीके से इस गिरोह ने दिल्ली में दूसरी लूट की वारदातों को भी अंजाम दिया है।