बिहार के युवाओं के लिए बड़ा मौका, 3284 पदों पर होगी भर्ती, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में मिलेंगी नौकरियां

बिहार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में 3284 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें इंजीनियरिंग कॉलेजों और राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में शिक्षकों के साथ अनुदेशक और प्रयोगशाला सहायक के पद शामिल हैं। विभागीय मंत्री शीला मंडल ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में भर्ती की जानकारी दी।

KNEWS DESK- बिहार में तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत कुल 3284 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन पदों में इंजीनियरिंग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों के अलावा अनुदेशक और प्रयोगशाला सहायक के पद शामिल हैं।

विभागीय मंत्री शीला मंडल के अनुसार, इंजीनियरिंग कॉलेजों में 1061 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में 354 शिक्षकों की बहाली होगी। इसके अलावा 723 अनुदेशक और 1093 प्रयोगशाला सहायक के पद भरे जाएंगे। इन नियुक्तियों से तकनीकी संस्थानों में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने बताया कि बिहार के सभी प्रमंडलों में तारामंडल और एजुकेशन सेंटर स्थापित करने की भी योजना है। इसके लिए जिलाधिकारियों से कम से कम दो एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। सरकार का लक्ष्य अगले साल तक इनके निर्माण का काम पूरा करना है। फिलहाल राज्य में पटना और दरभंगा में तारामंडल संचालित हैं।

तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के पाठ्यक्रमों को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रेडिटेशन यानी NBA से मान्यता दिलाई जा रही है। अब तक 11 सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों के 20 कोर्सों को मान्यता मिल चुकी है, जबकि 48 अन्य कोर्सों को मान्यता दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

छात्राओं के लिए भी संस्थानों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। भागलपुर अभियंत्रण महाविद्यालय में 300 बेड का हॉस्टल बनाया जा रहा है। वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक कटिहार में 100 बेड का बालिका हॉस्टल निर्माणाधीन है। सत्र 2026-27 में इंजीनियरिंग कॉलेजों की 88.86 प्रतिशत और पॉलिटेक्निक संस्थानों की 95.50 प्रतिशत सीटों पर नामांकन हुआ है। इंजीनियरिंग कॉलेजों में संकायवार एक-तिहाई सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित हैं।

इसी बीच बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC ने भी कई भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया है। इसमें 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की संभावित तारीख 17 जनवरी दी गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि कैलेंडर में दी गई सभी तारीखें संभावित हैं और इनमें बदलाव किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *