KNEWS DESK- उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के SP सीपी नौटियाल पर उनके ही ड्राइवर विनोद नेगी ने गोली चला दी। घटना कनखल क्षेत्र की है। गोली लगने से घायल अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गोली SP के माथे के पास से होकर निकली। उन्हें कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। बताया गया कि विनोद लंबे समय से SP सीपी नौटियाल के साथ ड्राइवर के तौर पर रह रहा था।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। हरिद्वार SSP नवनीत सिंह के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अभी तक फायरिंग की ठोस वजह सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है और पूछताछ के बाद वारदात के कारण का खुलासा होने की उम्मीद है।