माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर प्लेटफॉर्म नंबर-8 के पास रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। 6 जेसीबी मशीनों की मदद से मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा और एक दर्जन से अधिक मजारों समेत अन्य निर्माणों को हटाया गया।
Knews Desk – सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में रेलवे ने शनिवार सुबह अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 5 बजे माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर प्लेटफॉर्म नंबर-8 के पास रेलवे की जमीन पर बने मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा और एक दर्जन से अधिक मजारों समेत अन्य निर्माणों को 6 जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। रेलवे के मुताबिक, इस कार्रवाई के जरिए करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
शनिवार तड़के शुरू हुई कार्रवाई के दौरान मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। 80 से अधिक आरपीएफ जवानों के साथ जीआरपी, विभिन्न थानों का पुलिस बल, रेलवे अधिकारी और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की ओर से एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे भी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे।
रेलवे पीआरओ मुकेश कुमार और आरपीएफ थाना प्रभारी राजीव उपाध्याय ने बताया कि संबंधित जमीन रेलवे की है। अधिकारियों के मुताबिक, अवैध अतिक्रमण को लेकर हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने और रेलवे के पक्ष में फैसला आने के बाद कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पूर्व में कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन कब्जा नहीं हटाए जाने के बाद उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार शांतिपूर्ण तरीके से कार्रवाई की गई।
वक्फ कमेटी ने जताया विरोध
दूसरी ओर, वक्फ कमेटी ने रेलवे की कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया है। वक्फ कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने आरोप लगाया कि रेलवे ने गलत तरीके से मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा, एक दर्जन से अधिक मजारों और मुतवल्ली के मकान को तोड़ा है।
नदवी का कहना है कि इस जमीन से जुड़ा मामला अभी भी भोपाल वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट में लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को फर्जी किरायेदार बताकर तड़के यह तोड़फोड़ की गई। वक्फ कमेटी ने कार्रवाई के खिलाफ कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट यानी अवमानना याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।
15 हजार वर्गफीट जमीन पर बनेगा होल्डिंग और वेटिंग एरिया
रेलवे पीआरओ मुकेश कुमार के अनुसार, आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 को देखते हुए स्टेशन परिसर में विस्तार और निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। रेलवे के मुताबिक, अतिक्रमण की वजह से इन कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
रेलवे के अनुसार, अतिक्रमण मुक्त कराई गई करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर सिंहस्थ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होल्डिंग और वेटिंग एरिया विकसित किया जाएगा। इसके जरिए स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने और उनकी सुविधाओं को बेहतर करने की योजना है।
कार्रवाई को लेकर रेलवे और वक्फ कमेटी के दावे अलग-अलग हैं। एक ओर रेलवे इसे अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बता रहा है, वहीं वक्फ कमेटी ने जमीन से जुड़े विवाद के लंबित होने का हवाला देते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।