पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक ने भारत दौरे के दौरान ताजमहल और दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह जाने की इच्छा जताई थी। दोनों स्थानों पर जाने के लिए अनुमति मांगी गई, लेकिन उन्हें सिक्योरिटी क्लीयरेंस नहीं मिल सका।
Knews Desk – पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक इन दिनों भारत दौरे पर हैं। उन्होंने अपने दौरे के दौरान आगरा स्थित ताजमहल देखने की इच्छा जताई थी। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली में निजामुद्दीन दरगाह जाने की भी इच्छा जताई थी। दोनों स्थानों पर जाने के लिए अनुमति मांगी गई थी, लेकिन उन्हें सिक्योरिटी क्लीयरेंस नहीं मिला।
पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा को SCO सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में भागीदारी तक सीमित रखा गया है। मुसादिक मलिक पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
SCO सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम का आयोजन नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक हो रहा है। पाकिस्तान सहित कुछ देशों के नागरिकों के भारत में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शामिल होने के लिए गृह मंत्रालय की पूर्व सुरक्षा मंजूरी का प्रावधान है।
विदेश मंत्रालय राजनीतिक मंजूरी और राजनयिक समन्वय की भूमिका निभाता है। पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक को केवल SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में भाग लेने के सीमित उद्देश्य से वीजा जारी किया गया था। इसमें अन्य स्थानों पर घूमने की अनुमति शामिल नहीं थी।
मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर के कार्यक्रम के लिए शुक्रवार को भारत पहुंचे। यह 2025 के पहलगाम हमले के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का पहला भारत दौरा है। मलिक ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में दोनों देशों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया, लेकिन सीमा पार आतंकवाद पर किसी तरह की टिप्पणी नहीं की।
वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि सिंधु जल संधि पर भारत का पुराना स्टैंड बरकरार है। इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस बीच, विपक्ष ने सिंधु जल संधि पर मुसादिक मलिक की पिछली टिप्पणियों को लेकर उनके न्योते की आलोचना की।