पुराने किले में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन, पीएम मोदी ने कहा- ग्लोबल पीस की सबसे मजबूत गारंटी कल्चरल कनेक्ट
Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली के पुराने किले में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि SCO ने हाल ही में अपनी 25वीं वर्षगांठ मनाई है और पिछले कुछ वर्षों में संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग का खासा विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि सदस्य देशों के बीच आपसी सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग इन संबंधों को और मजबूत बना सकता है।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह मंच नए विचारों को बढ़ावा देगा और सांस्कृतिक सहयोग के लिए नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को एक-दूसरे के करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पीपल-टू-पीपल कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में इंटरनेशनल कोलैबोरेशन और पीपल-टू-पीपल कनेक्ट की बहुत चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि यह ऐसी अप्रोच है, जिसे हम सभी के पूर्वजों ने सदियों पहले ही समृद्ध कर दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी की सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे।
उन्होंने कहा कि आगे चलकर दूसरे व्यापार मार्गों ने इस संपर्क को नया विस्तार दिया। भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के अनेक क्षेत्र इन प्राचीन ट्रेड नेटवर्क से जुड़ते चले गए। इन रास्तों पर व्यापारियों के साथ स्कॉलर्स और बौद्ध भिक्षुओं का भी आना-जाना होता था। इन यात्राओं के जरिए विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ।
सभ्यतागत संवाद के महत्व पर पीएम मोदी ने कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले हैं, लेकिन सिविलाइजेशनल डायलॉग्स ने दुनिया के विचार बदले हैं और उन्हें समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि SCO सिविलाइजेशनल समिट केवल एक सेरेमोनियल प्लेटफॉर्म नहीं है, बल्कि यह दुनिया को दिशा देने का एक मंच बन सकता है।
अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने पुराने किले के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है और इसका इतिहास जितना आकर्षक है, उतनी ही दिलचस्प गाथाएं भी इसका हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि विद्वानों के अनुसार इस किले का इतिहास हजारों वर्ष पूर्व महाभारत काल तक जाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि इतने प्राचीन स्थान पर भव्य कल्चरल परफॉर्मेंसेज, वेद मंत्रों का पाठ, बौद्ध दर्शन की प्रस्तुति और हनुमान जी की यात्रा जैसे कार्यक्रमों में भारत की संस्कृति के दर्शन हो रहे हैं और मानवता के लिए प्रेम तथा एकता का संदेश भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये भाव, विचार और शिक्षाएं जितनी प्राचीन हैं, उतनी ही यूनिवर्सल भी हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जियो-पॉलिटिकल सीमाओं से परे ये विचार हमें सहज ही एक-दूसरे से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि यही इस समिट का उद्देश्य भी है और यही समय की मांग भी है।
पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हावी है, भारत में सिविलाइजेशन डायलॉग और कनेक्ट पर संवाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि ग्लोबल पीस की सबसे मजबूत गारंटी कल्चरल कनेक्ट होती है। इसलिए इस आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
पहला SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली के पुराने किले में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य SCO देशों की साझा सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, लोगों के बीच संबंध मजबूत करना और सांस्कृतिक संवाद तथा सहयोग को बढ़ावा देना है। इस पहल का प्रस्ताव पीएम मोदी ने 2025 में चीन के तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था, जिसे बाद में बिश्केक घोषणा में समर्थन मिला।
फोरम के दौरान ‘Civilisations in Conversation – Cultural Show’ भी आयोजित किया जा रहा है, जिसकी थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम – पूरी दुनिया एक परिवार है’ है। इसके अलावा ‘अस्तित्व – द एसेंस ऑफ अवर एग्जिस्टेंस’ प्रदर्शनी में भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है। 21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्रों में सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों, कला और वास्तुकला, भाषा एवं साहित्यिक परंपराओं तथा मठवासी मार्गों और दार्शनिक परंपराओं पर चर्चा होगी।