KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत जल्द शुरू होने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव वाले फॉर्मूले को आधार बनाने के संकेत दिए हैं। इसके लिए सपा की सात सदस्यीय टीम को बातचीत की रणनीति भी बताई गई है।
कांग्रेस को 50-60 सीटें देने की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी फिलहाल कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है। अगर कांग्रेस इससे ज्यादा सीटों की मांग करती है तो 10 से 20 अतिरिक्त सीटें देने का विकल्प भी रखा गया है। हालांकि, इन अतिरिक्त सीटों पर उम्मीदवार सपा के ही होंगे। यानी सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी, लेकिन प्रत्याशी समाजवादी पार्टी का होगा। लोकसभा चुनाव के दौरान भी दोनों दलों के बीच कुछ सीटों पर इसी तरह का तालमेल देखने को मिला था।
2022 में सहयोगियों को मिली थीं 56 सीटें
सपा 2027 के लिए 2022 के विधानसभा चुनाव को आधार बना रही है। उस समय अखिलेश यादव ने कई छोटे दलों के साथ गठबंधन किया था और सहयोगियों को कुल 56 सीटें दी थीं। इनमें राष्ट्रीय लोकदल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अपना दल (कमेरावादी), महान दल और जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) शामिल थे।
कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें
वहीं, कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है। कांग्रेस की ओर से पहले 150 से 200 सीटों की सूची सौंपे जाने की बात भी सामने आई थी। कांग्रेस सम्मानजनक हिस्सेदारी पर जोर दे रही है, जबकि सपा जीत की संभावना और क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों को आधार बनाना चाहती है।
सात सदस्यीय टीम करेगी बातचीत
सीट बंटवारे के लिए सपा ने सात सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव करेंगे। टीम में सांसद राजीव राय, सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व नौकरशाह आलोक रंजन और पूर्व MLC उदयवीर सिंह शामिल हैं। कमेटी में पांच नेताओं के साथ दो डेटा एक्सपर्ट भी होंगे।