KNEWS DESK- गुजरात सरकार ने निजी वाहनों पर जाति की पहचान बताने वाले शब्द, चिह्न, संकेत और लिखावट प्रदर्शित करने पर रोक लगा दी है। राज्य सरकार ने गुजरात मोटर वाहन नियम, 1989 में संशोधन कर यह नया प्रावधान लागू किया है। इसका उद्देश्य निजी वाहनों पर जातिसूचक पहचान को प्रदर्शित करने पर प्रतिबंध लगाना है।
दोपहिया से लेकर ट्रक तक लागू होगा नियम
नए प्रावधान के तहत दोपहिया, तिपहिया, कार, बस और ट्रक समेत निजी वाहनों पर जाति दर्शाने वाले किसी भी शब्द, संकेत, आकृति या लिखावट का प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। यानी वाहन पर ऐसी कोई जानकारी प्रदर्शित करना प्रतिबंधित होगा, जिससे वाहन मालिक या उपयोगकर्ता की जाति की पहचान हो।
17 नवंबर को अधिसूचित हुआ संशोधन
बंदरगाह एवं परिवहन विभाग ने 17 नवंबर 2026 को गुजरात मोटर वाहन (तीसरा संशोधन) नियम, 2026 की अधिसूचना जारी की। इसके साथ ही गुजरात मोटर वाहन नियम, 1989 में किया गया संशोधन प्रभावी हो गया है।
सरकार दे सकती है कुछ अपवादों की अनुमति
नए नियम में यह भी प्रावधान किया गया है कि राज्य सरकार सामान्य या विशेष आदेश के जरिए कुछ मामलों में अपवादों को अनुमति दे सकती है। इससे पहले संशोधन के मसौदे पर आम लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। हालांकि, निर्धारित अवधि के दौरान सरकार को कोई सुझाव या आपत्ति प्राप्त नहीं हुई।
गुजरात सरकार का यह कदम निजी वाहनों पर जाति आधारित पहचान के सार्वजनिक प्रदर्शन को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।