KNEWS DESK– राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के रुझानों और नतीजों में कई बड़े नेताओं और प्रभावशाली परिवारों को झटका लगा है। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और उनके दोनों बेटे चुनाव हार गए हैं। इसके अलावा राजस्थान पुलिस के DIG अरशद अली की पत्नी जरीना खान को भी हार का सामना करना पड़ा है।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को बड़ा झटका
पंचायत समिति श्रीमाधोपुर के वार्ड नंबर 20 से भाजपा प्रत्याशी अजय सिंह खर्रा चुनाव हार गए। वहीं, श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 19 से मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा को भी हार मिली।
अजीतगढ़ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 17 से मंत्री की पत्नी शांति देवी 51 वोट से चुनाव हार गईं। इसके अलावा सीकर जिला परिषद के वार्ड नंबर 48 से भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी भी चुनाव हार गईं।
DIG की पत्नी भी चुनाव हारीं
जिला परिषद के वार्ड नंबर 47 में राजस्थान पुलिस के DIG अरशद अली की पत्नी जरीना खान को हार मिली। इस सीट से कांग्रेस की नसीम बानो विजयी रहीं। वहीं, जिला परिषद के वार्ड नंबर 44 से भाजपा के ताराचंद धायल ने कांग्रेस के अनिल को हराकर जीत दर्ज की।
कांग्रेस-बीजेपी के बीच मुकाबला
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, कांग्रेस ने अब तक 313 पंचायत समिति सीटों और चार जिला परिषद सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा ने घोषित परिणामों में 645 पंचायत समिति सीटों में से 214 और सात जिला परिषद सीटों में से तीन सीटें जीती हैं। कांग्रेस को 144 और भाजपा को 88 सीटों पर बढ़त मिली है।
4 जिलों में 17 दिसंबर को होगी मतगणना
कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में 17 दिसंबर को मतगणना होगी। इन जिलों में 38 पंचायत समितियों के तहत 128 जिला परिषद और 702 पंचायत समिति वार्ड हैं। चुनाव में RLP ने 33, CPI(M) ने 14, बसपा ने 9, भारत आदिवासी पार्टी ने 5 और निर्दलीयों ने 57 पंचायत समिति सीटें जीती हैं।