Knews Desk – साउथ एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश को देशभर में खूब पसंद किया जाता है। अब वह कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘सत्यवान सावित्री’ में नजर आने वाली हैं। फिल्म में फिल्ममेकर मिस्किन भी अभिनय करते दिखाई देंगे। हाल ही में चेन्नई में फिल्म के प्रमोशन को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जहां मिस्किन ने कीर्ति सुरेश को उनकी फिल्म ‘डोरोथी’ में परफॉर्मेंस से प्रभावित होकर गोल्डन ज्वेलरी गिफ्ट की और उन्हें आशीर्वाद भी दिया।
दरअसल, इस कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मिस्किन मंच पर कीर्ति सुरेश को संबोधित करते हुए उनके घुटनों और माथे को छूते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना का गलत मतलब निकाला और मिस्किन को ‘बैड टच’ के आरोपों को लेकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।
अब इस पूरे विवाद पर खुद कीर्ति सुरेश ने प्रतिक्रिया दी है। एक्ट्रेस ने साफ किया कि उनके और मिस्किन के बीच पिता और बेटी जैसा रिश्ता है। कीर्ति ने कहा कि सबसे पहले वह यह जानना चाहती हैं कि उनके चेहरे पर असहजता कहां नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि क्या लोगों ने उन्हें और मिस्किन को यह कहते हुए नहीं सुना कि दोनों के बीच पिता-बेटी जैसी बॉन्डिंग है।
कीर्ति ने आगे कहा कि कुछ लोग उन्हें असहज बताते हुए यह तर्क दे रहे हैं कि फिल्मों में कलाकारों को इसी तरह छुआ जाता है, इसलिए सार्वजनिक जगह पर भी ऐसा होने से उन्हें परेशानी नहीं होगी। एक्ट्रेस ने लोगों से चीजों को सही तरीके से समझने की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की बातों को गलत नजरिए से नहीं देखना चाहिए।
वर्क फ्रंट की बात करें तो कीर्ति सुरेश के लिए साल 2026 काफी अच्छा रहा है। वह पहले ‘द पैराडाइज’ को लेकर सुर्खियों में आईं और इसके बाद ‘डोरोथी’ में उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ की गई। अब वह ‘सत्यवान सावित्री’ में एक वकील की भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा वह ‘कन्निवेडी’, ‘थोट्टम’, ‘राउडी जनार्दन’, ‘रफ्तार’ और ‘जनवरी 12 विडुडाला’ जैसी फिल्मों का भी हिस्सा हैं।