KNEWS DESK- पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने को लेकर सवालों का जवाब दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता नेताओं के नाम देखकर नहीं, बल्कि पार्टी के काम देखकर वोट देती है।
राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने पर क्या बोले सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि इससे क्या फर्क पड़ता है कि कौन सा चड्ढा किस पार्टी में है। उनके मुताबिक, राजनीति में चर्चा इस बात पर होनी चाहिए कि कौन सी पार्टी देश और जनता के लिए क्या कर सकती है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, किसान, बिजली और पानी जैसे मुद्दों को चुनावी चर्चा के केंद्र में रखने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जिसे जो पार्टी अच्छी लगती है, वह उसमें जा सकता है। नेताओं के पार्टी छोड़ने और राजनीतिक बयानबाजी को उन्होंने किस्से-कहानियां बताया। सिसोदिया ने कहा कि अगर किसी नेता को चुनाव से पहले टिकट नहीं मिलने या पार्टी में रहने को लेकर समस्या है, तो उसे पहले ही इस पर विचार करना चाहिए था।
शिक्षा को बताया सबसे अहम मुद्दा
सिसोदिया ने शिक्षा को देश की राजनीति का सबसे अहम मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि नेताओं से पूछा जाना चाहिए कि उनकी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में क्या काम किया और अगर काम नहीं हुआ तो क्यों नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में विपक्षी दलों की 15-15 साल तक सरकारें रही हैं, वहां शिक्षा के लिए किए गए काम पर भी चर्चा होनी चाहिए। उनके मुताबिक, देश में करीब 32 करोड़ बच्चे स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ रहे हैं, लेकिन राजनीतिक चर्चा में उनके भविष्य और शिक्षा जैसे मुद्दे पीछे छूट जाते हैं।
सिसोदिया ने कहा कि नेताओं के पार्टी छोड़ने और एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य पर बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावी राजनीति में जनता के लिए किए गए काम और भविष्य की योजनाओं पर सवाल होना चाहिए।