KNEWS DESK- इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया। 19 नवंबर को इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सुबह शक्ति स्थल पहुंचकर इंदिरा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए। खरगे ने उन्हें अदम्य साहस, संघर्ष और सशक्त नेतृत्व की प्रतीक बताते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उनके योगदान को याद किया।
प्रियंका गांधी ने भी इंदिरा गांधी की जयंती पर बचपन की एक तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा, ‘जन्मदिन मुबारक हो, शेरनी! आपके जैसी दूसरी कोई कभी नहीं होगी।’
इंदिरा गांधी का बचपन भी स्वतंत्रता आंदोलन के प्रभाव में बीता। उन्होंने चार साल की उम्र में अपने दादा मोतीलाल नेहरू और पिता जवाहरलाल नेहरू को जेल जाते देखा था। करीब पांच साल की उम्र में उन्होंने विदेशी सामान के बहिष्कार के तहत अपनी विदेशी गुड़िया जला दी थी। बाद में उन्होंने बच्चों के लिए बाल चरखा संघ बनाया और वानर सेना का गठन भी किया।