सस्ता सोना देख केंद्रीय बैंकों ने बढ़ाई खरीदारी, 3 महीने में खरीदा 321 टन गोल्ड

KNEWS DESK- सोने की कीमतों में गिरावट के बीच दुनिया के केंद्रीय बैंक लगातार इसकी खरीदारी बढ़ा रहे हैं। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर के बीच केंद्रीय बैंकों ने 321 टन सोना खरीदा। यह दूसरी तिमाही में हुई 296.3 टन खरीदारी से 8.5 फीसदी ज्यादा है। इसके साथ ही 2026 के पहले नौ महीनों में केंद्रीय बैंकों की कुल सोने की खरीदारी 675 टन पहुंच गई, जो पिछले साल की समान अवधि से 6 फीसदी अधिक है।

कीमतों में नरमी के बीच क्यों बढ़ी खरीदारी?

सोने की कीमतों में नरमी ने केंद्रीय बैंकों को खरीदारी का मौका दिया है। हालांकि, वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक सोना ऐतिहासिक रूप से अब भी महंगा है। ऐसे में खरीदारी का मुख्य कारण केवल कीमत नहीं, बल्कि पोर्टफोलियो में विविधता लाना और जोखिम प्रबंधन भी है।

तीसरी तिमाही में सार्वजनिक रूप से बताई गई खरीदारी 120 टन रही, जबकि अनुमानित कुल खरीदारी 321 टन थी। यानी करीब 63 फीसदी खरीदारी ऐसी रही, जिसका खुलासा नहीं किया गया। यह रुझान 2022 से जारी है।

2026 में भी मजबूत रह सकती है सोने की मांग

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल का अनुमान है कि केंद्रीय बैंक 2026 में कम से कम 2025 के स्तर के बराबर सोना खरीद सकते हैं। दूसरी ओर, निवेश मांग सोने की कुल मांग में सबसे बड़ा योगदान देने वाली है।

गोल्ड ETF में निवेश का प्रवाह उम्मीद से मजबूत रहा है। वहीं, सोने की छड़ों और सिक्कों की मांग बनी हुई है, हालांकि साल की दूसरी छमाही में इसमें सुस्ती देखी गई। काउंसिल के मुताबिक, केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी और निवेश मांग के चलते सोने की मांग का आधार मजबूत बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *