भारत में Apple को झटका, iPhone की शिपमेंट 25% घटी, Samsung फिर बना नंबर-1 स्मार्टफोन ब्रांड

KNEWS DESK- भारत के स्मार्टफोन बाजार में जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इस तिमाही में Apple के iPhone की शिपमेंट में सालाना आधार पर 25% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं Samsung ने करीब ढाई साल बाद एक बार फिर भारत के स्मार्टफोन बाजार में नंबर-1 पोजिशन हासिल कर ली है। Vivo दूसरे और Oppo तीसरे स्थान पर रहा, जबकि Apple चौथे नंबर पर पहुंच गया।

मार्केट रिसर्च कंपनी IDC के आंकड़ों के मुताबिक, Apple ने जुलाई-सितंबर 2026 की तिमाही में करीब 37 लाख iPhone की शिपमेंट की। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने करीब 50 लाख iPhone भेजे थे। यानी इस बार Apple की शिपमेंट में लगभग 13 लाख यूनिट की कमी आई है। हालांकि, स्मार्टफोन बाजार में सिर्फ Apple ही नहीं, बल्कि कई दूसरी कंपनियों की शिपमेंट में भी गिरावट दर्ज की गई है।

Samsung ने हासिल की नंबर-1 पोजिशन

भारत के टॉप-10 स्मार्टफोन ब्रांड्स में Samsung एकमात्र ऐसी कंपनी रही, जिसकी शिपमेंट में बढ़ोतरी हुई। कंपनी की शिपमेंट सालाना आधार पर 7.9% बढ़ी और उसका मार्केट शेयर 12.6% से बढ़कर 17.7% हो गया। IDC के मुताबिक, Samsung को अलग-अलग कीमत वाले स्मार्टफोन मॉडल और साल की पहली छमाही में कीमतों में सीमित बढ़ोतरी का फायदा मिला। वहीं Vivo की शिपमेंट में 29.9% की गिरावट दर्ज की गई और उसका मार्केट शेयर 16.8% रहा। इसके साथ Vivo दूसरे स्थान पर पहुंच गया। Oppo की शिपमेंट में भी 26.5% की गिरावट आई, लेकिन कंपनी तीसरे स्थान पर बनी रही। वहीं Apple चौथे नंबर पर पहुंच गया।

iPhone की बिक्री में गिरावट की क्या वजह रही?

IDC के मुताबिक, Apple के iPhone शिपमेंट में गिरावट के पीछे कई वजहें रहीं। कंपनी को iPhone 15, iPhone 16 और iPhone 17 सीरीज के कई मॉडल की सप्लाई में कमी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा पुराने मॉडल्स पर डिस्काउंट कम किए गए और सितंबर में नए मॉडल लॉन्च होने के आसपास कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई। इस तिमाही में कुल iPhone शिपमेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की हिस्सेदारी 30% से ज्यादा रही। इससे संकेत मिलता है कि Apple के महंगे मॉडल्स की मांग अभी भी बनी हुई है। हालांकि, इस दौरान सामान्य iPhone 18 बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं था।

10 साल में सबसे कमजोर रहा फेस्टिव सीजन

भारत के स्मार्टफोन बाजार की कुल शिपमेंट जुलाई-सितंबर तिमाही में 23.3% घटकर 3.68 करोड़ यूनिट रह गई। यह पिछले 10 साल में किसी फेस्टिव सीजन वाली तिमाही का सबसे कमजोर प्रदर्शन रहा। स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप की कीमतों में बढ़ोतरी का असर भी बाजार पर पड़ा। कंपनियों को फोन की कीमतें बढ़ानी पड़ीं, जिसके कारण ग्राहकों को ज्यादा डिस्काउंट देना मुश्किल हुआ। इसका असर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों बाजारों में देखने को मिला। आंकड़ों के मुताबिक, ऑफलाइन स्टोर्स के जरिए स्मार्टफोन की शिपमेंट में 26.7% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि ऑनलाइन बिक्री में 18.9% की कमी आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *