सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर जावेद अख्तर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किताब अभी पूरी नहीं पढ़ी है, इसलिए उस पर कोई राय देना जल्दबाजी होगी। हालांकि, उन्होंने सोनिया गांधी के प्रति अपने सम्मान की बात भी कही।
Knews Desk – कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ इन दिनों चर्चा में है। इसी बीच मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान मशहूर गीतकार जावेद अख्तर से किताब को लेकर सवाल किया गया। जावेद अख्तर ने साफ कहा कि उन्होंने किताब अभी पूरी नहीं पढ़ी है और पढ़ने के बाद ही इस पर अपनी राय देंगे।
जावेद अख्तर ने कहा कि उन्होंने किताब पढ़ना शुरू किया है और उन्हें यह काफी दिलचस्प लग रही है। उन्होंने किताब की लेखन शैली की भी तारीफ की और कहा कि इसे पढ़ना आसान है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी उन्होंने किताब का बहुत थोड़ा हिस्सा ही पढ़ा है, इसलिए फिलहाल वह इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।
बिना पढ़े किताब पर राय देने से किया इनकार
जब जावेद अख्तर से पूछा गया कि क्या सोनिया गांधी की किताब को फिल्म के लिए अडैप्ट किया जाना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने किताब अभी पढ़ी ही नहीं है, इसलिए वह इस बारे में कैसे बता सकते हैं। इसी दौरान उन्होंने धार्मिक लोगों पर तंज कसते हुए कहा कि एक किताब को बिना पढ़े उसकी इज्जत करना उनके बस की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले किताब पढ़ेंगे और उसके बाद ही अपनी राय देंगे।
सोनिया गांधी के लिए जताया सम्मान
जावेद अख्तर ने सोनिया गांधी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेसी नहीं हैं, लेकिन सोनिया गांधी का बहुत सम्मान करते हैं। जावेद अख्तर ने बताया कि वह सोनिया गांधी को व्यक्तिगत तौर पर जानते थे और उनसे काफी प्रभावित हुए थे।
इसी कार्यक्रम में जावेद अख्तर ने फिल्म ‘रामायण’ और भगवान राम को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार हिंदुस्तान के हर व्यक्ति के खून में राम हैं, चाहे उसका मजहब कोई भी हो।
जावेद अख्तर का यह बयान भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। कार्यक्रम में सोनिया गांधी की किताब को लेकर उनके बयान और भगवान राम पर उनकी टिप्पणी दोनों ही सुर्खियों में आ गए हैं।