KNEWS DESK- सपा सांसद डिंपल यादव ने उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ वाले बयान पर पलटवार किया है। मैनपुरी में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी का कमल मुरझा रहा है, इसलिए अब कमल खिलाने के लिए भगवान के नाम का सहारा लिया जा रहा है।
राम मंदिर के चंदे और अयोध्या की जमीन का उठाया मुद्दा
डिंपल यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या में भगवान राम का चंदा लूटा और चंदे में हेराफेरी की, साथ ही अयोध्या में जमीन से जुड़ी अनियमितताओं में शामिल रहे, क्या वे अब मथुरा-वृंदावन जाकर भगवान कृष्ण का भी चंदा लूटने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता जागरूक हो चुकी है और वह जानती है कि बीजेपी धर्म के नाम पर वोट मांगती है।
पंकज चौधरी ने दिया था ‘राधे-राधे’ का नारा
दरअसल, 16 और 17 नवंबर को मथुरा में बीजेपी की दो दिवसीय बैठक हुई थी। इसी दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा दिया था। उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी भारी बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और मिशन 2027 की रणनीति पर मंथन हुआ। पंकज चौधरी के मुताबिक, यूपी में बीजेपी के 2.5 करोड़ से अधिक सदस्य और 2 लाख से ज्यादा सक्रिय कार्यकर्ता हैं। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय स्तर के नेता नितिन नबीन समेत पार्टी के प्रमुख नेता भी शामिल हुए।