20 साल बाद एकता कपूर के शो से टीवी पर लौटेंगे गौरव खन्ना, श्रद्धा आर्या संग पहली बार बनेगी जोड़ी

knews desk – टेलीविजन के मशहूर एक्टर गौरव खन्ना जल्द ही डेली फिक्शन की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं। टीवी क्वीन एकता कपूर के नए रोमांटिक फैमिली ड्रामा ‘दिल की बेवफाइयां’ में गौरव खन्ना मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस शो में पहली बार उनकी ऑनस्क्रीन जोड़ी एक्ट्रेस श्रद्धा आर्या के साथ देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि यह प्रोजेक्ट गौरव के लिए सिर्फ एक नया शो नहीं, बल्कि 20 साल पुरानी एक खास याद से भी जुड़ा हुआ है।

20 साल पहले एकता के ऑफिस के बाहर खड़े थे गौरव

एकता कपूर के साथ अपने पहले शो को लेकर गौरव खन्ना काफी एक्साइटेड हैं। उन्होंने अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि करीब 20 साल पहले वह काम की तलाश में एकता कपूर के ऑफिस पहुंचे थे। गौरव ने कहा कि उन्होंने उस समय अपनी तस्वीरें ऑफिस के गार्ड को देकर ऑडिशन का मौका मिलने की उम्मीद की थी।

गौरव ने बताया, “मुझे याद है, 20 साल पहले मैं एकता के ऑफिस गया था और अपनी तस्वीरें वहां के गार्ड को देकर आया था। उस वक्त मेरे करियर की शुरुआत ही थी और मुझे उम्मीद थी कि ऑडिशन का मौका मिलेगा।”

एकता कपूर ने दिया दिल छू लेने वाला जवाब

गौरव के मुताबिक, कई साल बाद जब उन्होंने एकता कपूर को अपने उस पुराने किस्से के बारे में बताया तो एकता ने उनसे कहा, “गौरव, तुम तो सुपरस्टार हो। जब चाहो आ सकते हो।”

एकता की इस बात को याद करते हुए गौरव ने कहा कि जब वह पहली बार उनके ऑफिस गए थे, तभी से उनके साथ काम करने की इच्छा थी। अब इतने साल बाद एकता कपूर के साथ उनका पहला शो ही उन्हें डेली फिक्शन में वापस ला रहा है, जो उनके लिए बेहद खास है।

क्या है ‘दिल की बेवफाइयां’ की कहानी?

‘दिल की बेवफाइयां’ में गौरव खन्ना ‘मानव’ के किरदार में नजर आएंगे, जबकि श्रद्धा आर्या ‘जानकी’ का रोल निभा रही हैं। कहानी शादी के 20 साल पूरे कर चुके एक कपल की है, जिनकी जिंदगी और सोच को देखने का नजरिया एक-दूसरे से काफी अलग है।

https://www.instagram.com/p/DfRPZjdujjH/?

जानकी के लिए साथ बिताए छोटे-छोटे पल ही उसकी खुशी हैं और वह मानती है कि जो उसके पास है, वही काफी है। वहीं मानव के दिल में एक अनकहा ‘काश’ है, जिसे वह अब तक शब्दों में बयां नहीं कर पाया है। यही अधूरी इच्छा और भीतर की उलझन उसके किरदार को खास बनाती है।

‘मानव’ अब तक का मेरा सबसे मुश्किल किरदार: गौरव

गौरव खन्ना ने बताया कि वह सिर्फ एक आम रोमांटिक हीरो की छवि तक सीमित नहीं रहना चाहते। वह ऐसे किरदार निभाना चाहते हैं जिनमें कई परतें हों। अपने किरदार के बारे में उन्होंने कहा, “मेरी खुशकिस्मती है कि एकता मैम ने मुझे ऐसा रोल दिया। मानव अब तक का मेरा सबसे मुश्किल किरदार है। वो जितना सीधा-सादा दिखता है, उसके भीतर उतनी ही उलझनें हैं। उसकी कमजोरियां भी उसे बहुत असली बनाती हैं।”

गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या का यह शो 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होगा और जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जाएगा। लंबे समय बाद गौरव की डेली फिक्शन में वापसी और श्रद्धा आर्या के साथ उनकी नई जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *