UP Voter List: यूपी में 2.58 करोड़ मतदाता अभी भी वोटर लिस्ट से बाहर

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में SIR के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बावजूद बड़ी संख्या में पात्र लोग अभी भी वोटर लिस्ट से बाहर हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा के मुताबिक, प्रदेश की अनुमानित आबादी 16 करोड़ 16 लाख 85 हजार है, जबकि ड्राफ्ट सूची में 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं। दोनों के बीच 2 करोड़ 58 लाख 16 हजार 95 का अंतर है।

आंकड़ों के मुताबिक, पुरुषों की अनुमानित आबादी 8 करोड़ 32 लाख 76 हजार है, जबकि 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष मतदाता दर्ज हैं। वहीं, महिलाओं की अनुमानित आबादी 7 करोड़ 84 लाख 9 हजार है, जबकि सूची में 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता हैं।

सबसे बड़ा अंतर 18 से 19 साल के युवाओं के आंकड़ों में है। इस आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 84 लाख 47 हजार है, जबकि ड्राफ्ट सूची में केवल 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाता दर्ज हैं। यानी 72 लाख 63 हजार 648 का अंतर है। छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए निर्वाचन आयोग विशेष अभियान चलाएगा। महिलाओं के पंजीकरण के लिए आंगनबाड़ी, आशा और ANM कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं सहायता समूहों की मदद ली जाएगी। वहीं, स्कूल-कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अभियान चलाकर 18-19 साल के युवाओं से फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।

इसके अलावा राशन कार्ड धारकों, पंचायत और नगर निकायों की मतदाता सूची से विधानसभा वोटर लिस्ट का मिलान किया जाएगा। RWA, श्रमिक, व्यापारिक, औद्योगिक और सामाजिक संगठनों की मदद से भी छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सूची में शामिल कराने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *