उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद वोटर लिस्ट में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फॉर्म-6 के जरिए नए वोटर जोड़ने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए भाजपा और अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी तरीके से वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है।
Knews Desk – अखिलेश यादव ने कहा कि फॉर्म-6 में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर जनता भाजपाइयों और भ्रष्ट अधिकारियों को छठी का दूध याद दिला देगी। उन्होंने ASDD यानी Absent, Shifted, Dead or Duplicate नामों के जरिए फर्जी वोट जोड़ने की साजिश का आरोप लगाया। अखिलेश के मुताबिक, समाजवादी पार्टी बूथ स्तर से लेकर निर्वाचन आयोग तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी के बूथ प्रभारी, PDA प्रहरी, घोषित और संभावित प्रत्याशी, प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक हर नए वोट पर निगरानी रखेंगे। उनका कहना है कि सजग नागरिक भी अपने आसपास जुड़ने वाले नए वोट पर नजर रख सकते हैं।
गलत तरीके से वोट जुड़ा तो FIR की चेतावनी
अखिलेश यादव ने कहा कि एक-एक वोट का हिसाब मांगा जाएगा और किसी भी तरह की बेईमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी गलत तरीके से वोट जुड़ता है तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सबूतों के साथ तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने नौकरी से बर्खास्तगी, पेंशन और फंड रोकने के साथ सजा दिलाने तक की बात कही। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी तरीके से नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है और पार्टी इसके खिलाफ सबूत जुटाकर FIR कराएगी।
‘भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव कारागार होगा’
अखिलेश यादव ने भ्रष्ट अधिकारियों को सीधे चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव कारागार होगा। उन्होंने दावा किया कि इस कथित लोकतांत्रिक अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अखिलेश ने कहा कि जब मुकदमा चलेगा और दोषियों को सजा होगी तो कोई भाजपाई उन्हें बचाने नहीं आएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि भाजपा किसी की सगी नहीं है।
अवैध संपत्ति की जांच का भी मुद्दा उठाया
सपा अध्यक्ष ने अधिकारियों की संपत्ति को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को लगता है कि उन्होंने इतना कमा लिया है कि उनकी सात पुश्तें बैठकर खा सकती हैं, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि उनकी जमीन-जायदाद पर भी जनता की नजर है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जांच होने पर कानून के मुताबिक नाजायज संपत्ति जब्त की जा सकती है। उन्होंने अपने बयान के आखिर में कहा कि जनता की स्पष्ट चेतावनी है कि न कोई बेईमान बचेगा और न किसी बेईमान को छोड़ा जाएगा। उन्होंने अपने संदेश का समापन जय संविधान और जय हिंदुस्तान के नारे के साथ किया।
SIR के बाद फॉर्म-6 पर बढ़ी सियासी निगरानी
उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और सूची में सुधार की प्रक्रिया चल रही है। फॉर्म-6 नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होता है। इसी प्रक्रिया को लेकर अखिलेश यादव ने फर्जी नाम जोड़े जाने की आशंका जताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सतर्क रहने की अपील की है।
स्रोत के मुताबिक, चुनाव आयोग ने आबादी के अनुपात में 2.58 करोड़ मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में न होने की पुष्टि की है। इन्हें जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसी प्रक्रिया को लेकर अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की अपील की है।