KNEWS DESK- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। दक्षिण कश्मीर के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया गया। मारे गए आतंकियों में लश्कर का कमांडर लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।
कुलगाम के अखरान इलाके में 11 नवंबर को आतंकियों ने CRPF की नाका पार्टी पर हमला किया था। दोपहर करीब 2:15 बजे हुई फायरिंग में तीन जवान घायल हुए थे। हमले के बाद आतंकी घने पेड़ों और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। जांच के दौरान घायल जवानों को लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट की तस्वीर दिखाई गई, जिसके बाद जवानों ने उसकी पहचान हमलावरों में से एक के तौर पर की।
पुलिस के अनुसार, लतीफ भट कुलगाम का रहने वाला था और घाटी में सक्रिय स्थानीय आतंकियों में शामिल था। उस पर दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई हमलों में शामिल होने का आरोप था।
CRPF के जम्मू-कश्मीर जोन के स्पेशल DG संदीप खिरवार ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षाबलों का अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान कुछ अहम सुराग और जानकारी मिली है, जिसके आधार पर कार्रवाई को तार्किक अंजाम तक पहुंचाने की उम्मीद है। उन्होंने जवानों को ऑपरेशनल अनुशासन बनाए रखने, SOP का पालन करने और पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
खिरवार ने बताया कि घायल जवानों की हालत बेहतर है। उन्होंने मेडिकल अधिकारियों की तारीफ करते हुए कहा कि जवानों को समय पर अच्छी चिकित्सा सहायता मिली।