पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न पर दावेदारी को लेकर राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। ऋतब्रत बनर्जी की डेमोक्रेटिक तृणमूल के दस्तावेज जमा करने के बाद अब ममता बनर्जी गुट ने चुनाव आयोग के सामने अपनी ताकत का दावा पेश किया है। रविवार को ममता तृणमूल की ओर से दो ट्रक दस्तावेज चुनाव आयोग मुख्यालय पहुंचाए गए, जिनमें 38 विधायकों और 17 सांसदों के हस्ताक्षर वाले हलफनामे शामिल हैं।
Knews Desk – ममता तृणमूल की ओर से जमा किए गए एफिडेविट पर पार्टी नेता ममता बनर्जी के अलावा लोकसभा और राज्यसभा के 17 सांसदों के हस्ताक्षर बताए गए हैं। कुल 38 विधायकों ने भी ममता तृणमूल को ‘असली तृणमूल’ मानने की मांग वाले हलफनामे पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के 32, मेघालय के पांच और असम का एक विधायक शामिल है।
ममता तृणमूल के सांसद कल्याण बनर्जी, डोला सेन और डेरेक ओ’ब्रायन ने रविवार को दिल्ली स्थित चुनाव आयोग मुख्यालय में दस्तावेज जमा किए। कल्याण बनर्जी ने कहा कि दस्तावेजों से भरा एक और ट्रक जल्द दिल्ली पहुंचेगा।
कल्याण बनर्जी बोले- मूल हलफनामा जमा कर दिया
कल्याण बनर्जी ने कहा कि पार्टी ने मूल एफिडेविट जमा कर दिया है और इसकी हार्ड कॉपी के साथ सॉफ्ट कॉपी भी चुनाव आयोग को दी गई है। उन्होंने कहा कि इन दस्तावेजों को प्रकाशित किया जाएगा और उचित समय पर हलफनामे की कॉपी ऋतब्रत बनर्जी या उनके वकील को भी भेजी जाएगी।
उन्होंने डेमोक्रेटिक तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें भी एफिडेविट की कॉपी दी जाएगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा करने के बाद शुभेंदु अधिकारी की पुलिस और टीम उनके लोगों को परेशान या गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन वे इससे डरने वाले नहीं हैं।
पार्टी के सांसदों और विधायकों के समर्थन का दावा
कल्याण बनर्जी ने कहा कि लोकसभा के आठ और राज्यसभा के नौ सांसदों ने एफिडेविट पर हस्ताक्षर किए हैं। उनके मुताबिक, NCPI में शामिल होने वाले किसी भी सांसद ने ममता तृणमूल के एफिडेविट पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल के 14 संस्थापक सदस्यों में से सात की मौत हो चुकी है और बाकी सात में से छह ने ममता तृणमूल की तरफ से हलफनामे पर हस्ताक्षर किए हैं। ममता तृणमूल की नेशनल वर्किंग कमेटी के सदस्यों के हस्ताक्षर का भी दावा किया गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल ने 80 सीटें जीती थीं। ऋतब्रत बनर्जी के विधानसभा में विपक्ष का नेता चुने जाने के बाद उन्होंने पहले 58 विधायकों के समर्थन का दावा किया था। बाद में उन्होंने यह संख्या बढ़कर 65 होने की बात कही।
अब ममता तृणमूल की ओर से 38 विधायकों के हस्ताक्षर वाले हलफनामे जमा किए जाने की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि ऋतब्रत कैंप से जुड़े कुछ विधायकों ने भी ममता तृणमूल के एफिडेविट पर हस्ताक्षर किए हैं। विधानसभा चुनाव में ममता की हार के बाद से पार्टी के भीतर चल रही खींचतान अब चुनाव आयोग तक पहुंच गई है।
5 नवंबर को ऋतब्रत गुट भी जमा कर चुका है दस्तावेज
इससे पहले 5 नवंबर को ऋतब्रत बनर्जी के गुट ने कई ट्रकों में दस्तावेज भरकर चुनाव आयोग के कार्यालय भेजे थे। ममता तृणमूल का कहना है कि उसे अभी तक उन दस्तावेजों की कॉपी नहीं मिली है।
ममता तृणमूल ने पहले आरोप लगाया था कि ऋतब्रत गुट पुलिस और प्रशासन की मदद से एफिडेविट तैयार कराकर चुनाव आयोग में जमा कर रहा है। वहीं रविवार को ममता गुट के दस्तावेज जमा होने के बाद डेमोक्रेटिक तृणमूल की विधायक अखरुज्जमां ने दावा किया कि उनके पक्ष ने 12 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों के हस्ताक्षर वाला एफिडेविट जमा किया है।
उन्होंने कहा कि उनके पास ऋतब्रत बनर्जी का समर्थन करने वाले लोगों की संख्या से ज्यादा विधायकों के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने कहा कि किस पक्ष ने कितने हस्ताक्षर जमा किए हैं, यह चुनाव आयोग में सुनवाई के बाद ही स्पष्ट होगा। उनके मुताबिक, उन्हें उम्मीद है कि उनके दस्तावेजों में तृणमूल का नाम और जोड़ाफूल चुनाव चिह्न शामिल होगा।