knews desk – अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी FAA 16 से 20 नवंबर तक भारत के एविएशन सेफ्टी ओवरसाइट स्टैंडर्ड्स का ऑडिट करेगा। इस दौरान भारतीय विमानन नियामक डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन यानी DGCA की सुरक्षा निगरानी क्षमता की जांच की जाएगी। ऑडिट के दौरान विमान संचालन, विमानों की उड़ान योग्यता और पायलट समेत विमानन कर्मचारियों को लाइसेंस देने की प्रक्रिया पर खास फोकस रहेगा।
एक अधिकारी के मुताबिक, FAA की टीम अपने इंटरनेशनल एविएशन सेफ्टी असेसमेंट यानी IASA प्रोग्राम के तहत यह ऑडिट करेगी। इस जांच का मकसद यह देखना है कि भारत अपनी विमानन कंपनियों की सुरक्षा निगरानी अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक कर रहा है या नहीं।
FAA अपने IASA प्रोग्राम के तहत उन देशों के विमानन सुरक्षा मानकों की जांच करता है, जिनकी एयरलाइंस अमेरिका के लिए उड़ान भरती हैं या वहां उड़ान शुरू करना चाहती हैं। इसके अलावा अमेरिकी एयरलाइंस के साथ कोडशेयर यानी साझा उड़ान सेवा देने वाली विदेशी विमानन कंपनियां भी इसके दायरे में आती हैं।
इस जांच में यह देखा जाता है कि संबंधित देश का एविएशन रेगुलेटर इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन यानी ICAO के तय सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का पालन कर रहा है या नहीं। इसमें मुख्य रूप से एयरक्राफ्ट ऑपरेशंस, एयरवर्दीनेस और पर्सनल लाइसेंसिंग से जुड़े पहलुओं की जांच की जाती है। एयरक्राफ्ट ऑपरेशंस में विमान संचालन से जुड़े सुरक्षा नियमों का पालन, एयरवर्दीनेस में विमान की उड़ान भरने की योग्यता और तकनीकी सुरक्षा तथा पर्सनल लाइसेंसिंग में पायलट और दूसरे विमानन कर्मचारियों को लाइसेंस देने की प्रक्रिया शामिल होती है।
भारत फिलहाल FAA के एविएशन सेफ्टी असेसमेंट प्रोग्राम में कैटेगरी-1 का दर्जा रखता है। यह दर्जा बताता है कि देश का विमानन नियामक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के मुताबिक एयरलाइंस की निगरानी करने में सक्षम है। भारत में फिलहाल एयर इंडिया एकमात्र ऐसी भारतीय एयरलाइन है, जो अमेरिकी शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित करती है। ऐसे में FAA का यह ऑडिट भारत के विमानन सुरक्षा निगरानी सिस्टम के लिए अहम माना जा रहा है।
FAA इससे पहले भी भारत के विमानन सुरक्षा निगरानी सिस्टम की जांच कर चुका है। IASA प्रोग्राम के तहत 25 से 29 अक्टूबर 2021 के बीच DGCA का ऑडिट किया गया था। इसमें विमान संचालन, उड़ान योग्यता और कर्मचारियों की लाइसेंसिंग से जुड़े पहलुओं की जांच हुई थी। इसके बाद अप्रैल 2022 में अंतिम परामर्श हुए और जुलाई व सितंबर 2022 में FAA ने समीक्षा की। इन ऑडिट के नतीजों की घोषणा अप्रैल 2023 में की गई थी। भारत ने इस दौरान अपना कैटेगरी-1 का दर्जा बरकरार रखा था।
भारत को हमेशा से कैटेगरी-1 का दर्जा हासिल नहीं रहा है। जनवरी 2014 में FAA ने भारत को कैटेगरी-2 में डाल दिया था। इससे पहले दिसंबर 2012 में ICAO ने DGCA का ऑडिट किया था, जिसमें विमान संचालन और उड़ान योग्यता से जुड़े दो गंभीर सुरक्षा मुद्दे सामने आए थे। इसके बाद FAA ने सितंबर 2013 में DGCA की सुरक्षा निगरानी क्षमता का ऑडिट किया और दिसंबर 2013 में फॉलो-अप जांच भी हुई। जनवरी 2014 में भारत को कैटेगरी-2 में डाल दिया गया। हालांकि, DGCA ने जरूरी सुधार किए और 2015 में भारत को दोबारा कैटेगरी-1 का दर्जा मिल गया।
भारत के विमानन सुरक्षा सिस्टम पर पिछले साल अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे के बाद भी सवाल उठे थे। लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहा बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी।
इसके अलावा इस साल हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं समेत विमानन क्षेत्र में कई दूसरी घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसे में FAA का 16 से 20 नवंबर तक होने वाला ऑडिट भारत के विमानन सुरक्षा निगरानी सिस्टम की मौजूदा स्थिति का आकलन करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।