knews desk – ‘जोश’ समेत कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रहे अभिनेता शरद कपूर का हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह पैर में चोट के कारण वॉकर के सहारे चलते नजर आए। वीडियो में शरद भावुक भी दिखाई दिए थे, जिसके बाद उनके फैंस उनकी हालत को लेकर चिंतित हो गए। बाद में अभिनेता ने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम देने और मदद करने की अपील की थी। अब ऐसी खबर सामने आई है कि सलमान खान और सोनू सूद शरद कपूर की मदद के लिए आगे आए हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद शरद कपूर को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। एबीपी लाइव की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि सलमान खान ने शरद से संपर्क किया और उनका हाल-चाल जाना। रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान ने उन्हें मदद का भरोसा भी दिलाया है और वह आर्थिक रूप से उनकी मदद कर रहे हैं। वहीं, रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि सोनू सूद ने शरद के पैर में लगी चोट का इलाज कराने के लिए मेडिकल टीम भेजी है।
हालांकि, शरद कपूर को लेकर यह भी स्पष्ट हुआ है कि उन्हें आर्थिक परेशानी नहीं है और उनकी असली जरूरत काम की है। वीडियो वायरल होने के बाद उनके भावुक नजर आने की वजह से ऐसी बातें फैल गई थीं कि वह आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। लेकिन बाद में शरद ने खुद इन बातों को स्पष्ट किया और बताया कि वह आर्थिक रूप से ठीक हैं।
दरअसल, फुटबॉल खेलते वक्त शरद कपूर के पैर में चोट लग गई थी। चोट की वजह से वह अपने पेट डॉग्स की सही तरीके से देखभाल नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में उन्होंने अपनी एक दोस्त हेमा की मदद से कुछ समय के लिए अपने डॉग्स को शेल्टर होम भेज दिया। इसी दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अपने डॉग्स से कुछ समय के लिए अलग होने की वजह से शरद वीडियो में भावुक नजर आए थे, जिसे देखकर फैंस उनकी स्थिति को लेकर परेशान हो गए।
https://www.instagram.com/reels/DfrMnDJATY-/
बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में शरद कपूर ने कहा कि लोग यह कह रहे हैं कि उन्हें मदद की जरूरत है, लेकिन असल समस्या यह है कि उन्हें घर की साफ-सफाई के लिए कोई नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने डॉग्स की देखभाल के लिए हेमा से संपर्क किया था और उन्होंने डॉग्स को अपने शेल्टर होम में रख लिया है। शरद के मुताबिक, कुछ ही दिनों में उनके डॉग्स वापस उनके पास आ जाएंगे।
शरद ने यह भी साफ किया कि उन्हें आर्थिक तौर पर कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ अच्छे काम की जरूरत है। अभिनेता ने कहा कि काम मांगने में उन्हें कोई शर्म नहीं आती और फिलहाल उन्हें प्रोजेक्ट्स मिलने में थोड़ी दिक्कत हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोग उनका साथ देंगे। शरद ने यह भी कहा कि इंडस्ट्री ने हमेशा उनका सपोर्ट किया है और उन्हें यहां के लोग बहुत पसंद हैं। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें किसी मदद की जरूरत है, लेकिन उन्होंने उनसे सिर्फ काम मांगा है।
इसी बीच शरद कपूर को एक हॉलीवुड फिल्म का ऑफर मिलने की भी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पैर की चोट से ठीक होने के बाद वह जनवरी 2027 में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। ऐसे में शरद कपूर के लिए यह प्रोजेक्ट लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी का मौका बन सकता है।