केशव मौर्य का अखिलेश पर हमला, बोले- 2047 तक भी सत्ता में नहीं लौटेगी सपा

Knews Desk – उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ नारे पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार किया। बरेली पहुंचे केशव मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव यह भी कह सकते हैं कि कट्टा-बम जीतेगा और लैपटॉप हारेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति में विकास और कानून व्यवस्था हारेंगे, जबकि गुंडे और अपराधी जीतेंगे।

केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापस नहीं आएगी और भाजपा प्रदेश की सत्ता से जाने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पहले से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

अयोध्या-मथुरा को लेकर अखिलेश पर निशाना

बरेली में मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह और समरसता सम्मेलन में शामिल होने के बाद डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर अयोध्या और मथुरा को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या न जाएं, क्योंकि रामभक्त उन्हें माफ नहीं करेंगे।

इसके साथ ही केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को मथुरा जाने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर हिम्मत है तो मथुरा जाकर ईदगाह हटाने और भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर बनाने की बात कहें।

राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोप पर भी जवाब

राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री को लेकर लगाए जा रहे फोन टैपिंग के आरोपों पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने ही बयानों पर एकमत नहीं हैं। केशव मौर्य ने राहुल गांधी से अपने नेता सैम पित्रोदा से पूछने की बात कही और कहा कि सैम पित्रोदा यह कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री फोन टैप नहीं कराते।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बरेली मंडल की 25 विधानसभा सीटों में से फिलहाल 20 सीटें भाजपा के पास हैं। इस बार पार्टी ने मंडल की सभी 25 सीटें जीतने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह और समरसता सम्मेलन में भी लोगों ने इस संकल्प को दोहराया है।

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *