कानपुर में कारोबारी के बेटे संभव खंडेलवाल की संदिग्ध मौत, महिला मित्र के फ्लैट से गिरकर गई जान

KNEWS DESK- कानपुर के बिठूर क्षेत्र में कागज कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे संभव खंडेलवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। संभव सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से नीचे गिर गया। वह वहां रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कई सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

छठी मंजिल से गिरने के बाद मौत

कौशलपुरी निवासी कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता बेटा संभव शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। करीब तीन बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिर गया है। उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

महिला मित्र के परिवार ने बताया हादसा

पुलिस के मुताबिक संभव जिस फ्लैट में गया था, वहां उसकी महिला मित्र अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहती थी। महिला मित्र के मामा ने दावा किया कि संभव और युवती की दोस्ती थी। उनके अनुसार, फ्लैट में वॉलीबॉल खेलते समय गेंद बालकनी की तरफ चली गई। संभव उसे पकड़ने के लिए दौड़ा और दिवाली के दीये से फैले तेल पर पैर फिसलने के कारण नीचे गिर गया।

‘डोंट कम’ मैसेज से उठे सवाल

संभव के परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया कि उसके शरीर पर चोट के निशान हैं और मोबाइल से बातचीत का डेटा डिलीट मिला है। परिजनों के मुताबिक, महिला मित्र ने करीब दो बजे संभव को आखिरी मैसेज किया था, जिसमें ‘डोंट कम’ यानी ‘मत आओ’ लिखा था। इसी आधार पर परिवार ने घटना को संदिग्ध बताते हुए धक्का देने और हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के अनुसार, युवती के परिजन इसे पैर फिसलने से हुआ हादसा बता रहे हैं, जबकि संभव के परिजनों ने धक्का देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *