पीएम मोदी के काफिले के हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, मैसूर में उड़ान नहीं भर सका विमान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर्नाटक दौरे के दौरान उनके काफिले में शामिल वायुसेना के एक हेलिकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। मैसूर में कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब काफिला वापस रवाना होने की तैयारी कर रहा था, तभी हेलिकॉप्टर में दिक्कत सामने आई। इसके बाद पीएम मोदी काफिले के दूसरे हेलिकॉप्टर से आगे की यात्रा के लिए रवाना हुए।

Knews Desk – 13 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक दौरे पर रहे। मैसूर में कार्यक्रम खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल हेलिकॉप्टर उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई। खराबी के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका और शुक्रवार को ललित महल के पास स्थित जयचामाराजा वाडियार हेलीपैड पर ही खड़ा रहा।

प्रधानमंत्री के काफिले के हिस्से के रूप में कुल तीन हेलिकॉप्टर मैसूर पहुंचे थे। तकनीकी खराबी आने के बाद पीएम मोदी दूसरे हेलिकॉप्टर में सवार होकर आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए। हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी की सटीक वजह क्या थी और वह कब तक दोबारा उड़ान भर पाएगा, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

घटना के बाद हेलीपैड के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हेलिकॉप्टर की सुरक्षा बढ़ा दी। मैसूर नगर निगम के कर्मचारियों को भी मौके पर तैनात किया गया।

कर्नाटक दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने ‘कॉसमॉस-मैसूर प्लैनेटेरियम’ का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (S-VYASA) के मुख्य आवासीय परिसर ‘प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया।

इसके बाद बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने तवारेकेरे से आईआईएम बैंगलोर तक नई मेट्रो को हरी झंडी दिखाई और खुद उसमें सफर भी किया। कर्नाटक के कार्यक्रम पूरे करने के बाद प्रधानमंत्री सीधे गुजरात पहुंचे, जहां उन्होंने बनासकांठा जिले के प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *