Knews Desk– उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है। दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की 17 नवंबर को अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे और चुनावी सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी।
कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के मुताबिक, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से 181 सीटों की मांग की है। ऐसे में 17 नवंबर की बैठक दोनों दलों के बीच सीटों के तालमेल के लिहाज से अहम मानी जा रही है। दोनों पार्टियां 2027 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की तैयारी कर रही हैं।
2024 में साथ लड़े थे लोकसभा चुनाव
सपा और कांग्रेस ने 2024 का लोकसभा चुनाव INDIA ब्लॉक के तहत मिलकर लड़ा था। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में दोनों दलों ने कुल 43 सीटें जीती थीं। इनमें समाजवादी पार्टी को 37 और कांग्रेस को 6 सीटें मिली थीं। वहीं, बीजेपी ने 33 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
2027 में गठबंधन के सामने सीट बंटवारा चुनौती
2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन के प्रदर्शन के बाद दोनों दलों के बीच आगे भी साथ रहने की उम्मीद मजबूत हुई है। हालांकि, विधानसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा दोनों पार्टियों के लिए बड़ी चुनौती हो सकता है। कांग्रेस की 181 सीटों की मांग के बाद सपा और अन्य संभावित सहयोगियों के बीच सीटों का तालमेल महत्वपूर्ण होगा।
अखिलेश की PDA रणनीति पर फोकस
अखिलेश यादव की रणनीति में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग पर फोकस प्रमुख है। वहीं कांग्रेस के साथ तालमेल को एकजुट विपक्षी मोर्चे के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दूसरी ओर, बीजेपी भी उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार बरकरार रखने के लिए चुनावी तैयारियों में जुटी है।
2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 255 सीटें जीती थीं, जबकि सपा को 111 और कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें मिली थीं। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर होने वाली बैठक पर सभी की नजरें हैं।