दिल्ली में छठ पूजा को देखते हुए 15 और 16 नवंबर को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। यमुना घाटों और विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और शाहदरा के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
Knews Desk– दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से घाटों के आसपास के रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। एडवाइजरी के मुताबिक, शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और वापस पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स और शांतिवन से श्मशान घाट तक के रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।
उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले लोग दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। सोनिया विहार चौहान पट्टी जाने के लिए नानकसर टी-पॉइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड और सभापुर गांव होकर जाने का विकल्प दिया गया है।
डीएनडी के पास यमुना खादर, वेस्ट विनोद नगर, खजूरी मेट्रो स्टेशन, नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग, पीपल्स ग्राउंड और पुराने लोहे के पुल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। नंद नगरी, मंडोली टीला और पुस्ता रोड पर भी निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पुलिस ने सड़क किनारे और प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क न करने की अपील की है।
छठ पर्व 13 नवंबर से शुरू हो चुका है। 14 नवंबर को खरना है, जबकि 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी को देखते हुए दोनों दिनों दिल्ली में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।