मुंबई के गोरेगांव वेस्ट में घर के रेनोवेशन के दौरान हुई गंभीर लापरवाही एक इंटीरियर डिजाइन कंपनी को भारी पड़ गई। मुंबई कंज्यूमर कमीशन ने कंपनी को शिकायतकर्ता को 73 लाख रुपये से ज्यादा का भुगतान करने का आदेश दिया है। आरोप है कि कंपनी ने प्रीमियम मटेरियल के बजाय घटिया सामान लगाया, काम में देरी की और घर में सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाही बरती।
पत्नी के सिर पर गिरा किचन का भारी शटर
शिकायतकर्ता के मुताबिक, रेनोवेशन के दौरान गलत फिटिंग के कारण 2 जनवरी, 2025 को मॉड्यूलर किचन का एक भारी शटर उनकी पत्नी के सिर पर गिर गया। इसके अलावा बेड पैनल के पीछे बिना इंसुलेशन वाले लाइव इलेक्ट्रिकल वायर्स खुले छोड़ दिए गए थे, जिससे परिवार के बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हुआ।
71.62 लाख रुपये दिए थे एडवांस
शिकायतकर्ता ने फ्लैट के रेनोवेशन के लिए कंपनी को 71.62 लाख रुपये एडवांस दिए थे। समझौते के मुताबिक काम 90 से 120 दिनों में पूरा होना था। काम पूरा करने की तारीख पहले 1 जुलाई, 2024 और बाद में 1 सितंबर, 2024 तय की गई थी। आरोप है कि कंपनी ने बार-बार डिजाइनर बदले और तय ‘रेगलिया’ रेंज की जगह ‘इन्फिनिटी’ शटर और लो-ग्रेड प्लाईवुड का इस्तेमाल किया।
कंपनी की गैरमौजूदगी में हुई सुनवाई
शिकायत के बाद कंपनी को नोटिस भेजे गए, लेकिन उसके प्रतिनिधि सुनवाई में पेश नहीं हुए। इसके बाद 30 जुलाई, 2025 के आदेश के बाद मामले की एकतरफा सुनवाई शुरू हुई। कमीशन ने माना कि घटिया काम, देरी, सुरक्षा जोखिम और मानसिक परेशानी के आरोप साबित हुए हैं।
9 फीसदी ब्याज के साथ लौटानी होगी रकम
कमीशन की अध्यक्ष पूनम वी महर्षि और सदस्य निशा अमोल चव्हाण ने कंपनी को 71.62 लाख रुपये लौटाने का आदेश दिया है। इसके साथ 1 सितंबर, 2024 से भुगतान की तारीख तक 9 फीसदी सालाना ब्याज देना होगा। कंपनी को मानसिक परेशानी, शारीरिक परेशानी और सुरक्षा जोखिम के लिए 1 लाख रुपये तथा कानूनी खर्च के तौर पर 50 हजार रुपये भी देने होंगे। इस तरह कंपनी को कुल 73 लाख रुपये से अधिक का भुगतान करना होगा।