KNEWS DESK- NVIDIA के CEO जेनसन हुआंग की नेतृत्व क्षमता को लेकर कंपनी में चल रही चर्चा के बीच बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्यों पर भी सबकी नजर है। इन्हीं में एक नाम भारतीय मूल की आरती शाह का है। आरती शाह 2020 से NVIDIA के बोर्ड में शामिल हैं और कंपनी के अहम फैसलों में उनकी भूमिका है। मौजूदा घटनाक्रम में बोर्ड को यह तय करना है कि जेनसन हुआंग CEO पद पर बने रहेंगे या कंपनी को नए नेतृत्व की जरूरत होगी।
गुजरात यूनिवर्सिटी से पढ़ाई, अमेरिका से PhD
आरती शाह ने भारत में गुजरात यूनिवर्सिटी से स्टैटिस्टिक्स और मैथमैटिक्स में बीएस और एमएस की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, रिवरसाइड से एप्लाइड स्टैटिस्टिक्स में PhD की। उनके करियर का बड़ा हिस्सा टेक्नोलॉजी, डेटा साइंस, हेल्थकेयर और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्र में रहा है।
Eli Lilly में 27 साल किया काम
आरती शाह ने अमेरिकी फार्मा कंपनी Eli Lilly में करीब 27 साल काम किया। इस दौरान उन्होंने सीनियर स्टैटिस्टिशियन, रिसर्च साइंटिस्ट, वाइस प्रेसिडेंट फॉर बायोमेट्रिक्स और ग्लोबल ब्रांड डेवलपमेंट लीडर समेत कई जिम्मेदारियां संभालीं। 2021 में कंपनी छोड़ने से पहले वह सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और चीफ इंफॉर्मेशन एंड डिजिटल ऑफिसर के पद पर थीं।
2020 में NVIDIA बोर्ड में हुई एंट्री
NVIDIA ने नवंबर 2020 में आरती शाह को अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल किया था। कंपनी के मुताबिक, उनका अनुभव कंप्यूटर साइंस, हेल्थकेयर, IT, साइबर सिक्योरिटी, एडवांस्ड एनालिटिक्स और डेटा साइंस के क्षेत्र में है। वह NVIDIA की ऑडिट और कंपनसेशन कमेटियों में भी शामिल हैं।
जेनसन हुआंग के भविष्य पर अहम भूमिका
NVIDIA के बोर्ड में आरती शाह समेत 10 बाहरी निदेशक हैं। मौजूदा संकट में बोर्ड के पास CEO को हटाने का अधिकार है। ऐसे में जेनसन हुआंग के भविष्य को लेकर होने वाले फैसले में आरती शाह की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है।