मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहोश होकर गिरे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार को मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें नई दिल्ली स्थित AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

Knews Desk – पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार को सुबह की सैर के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी AIIMS में भर्ती कराया गया। सुरक्षाकर्मी उन्हें सबसे पहले PCR गाड़ी से उनके घर ले गए। बताया जा रहा है कि धनखड़ कुछ मिनटों तक बेहोश रहे। बाद में जब उनकी हालत बिगड़ने लगी, तो उन्हें एंबुलेंस से AIIMS ले जाया गया।

PTI के मुताबिक, धनखड़ के आवास पर पहुंचने के बाद ILBS की एक मेडिकल टीम और AIIMS के डॉ. संदीप सेठ ने उनकी जांच की। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

75 वर्षीय जगदीप धनखड़ को AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह कार्डियोलॉजी विभाग में हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत को लेकर अभी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। AIIMS प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है और उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

जगदीप धनखड़ ने अगस्त 2022 से लेकर जुलाई 2025 में अपने इस्तीफे तक भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में कार्य किया।

इससे पहले मार्च 2025 में भी जगदीप धनखड़ को अचानक चक्कर आने और घबराहट महसूस होने के कारण 9 मार्च से 12 मार्च 2025 तक दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने तुरंत स्टेंट लगाने की प्रक्रिया यानी स्टेंट इम्प्लांटेशन पूरी की थी। इससे पहले ही उन्हें एंजियोग्राफी कराने की सलाह दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *