छठ महापर्व की शुरुआत कल से, नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान

KNEWS DESK- लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। घरों से लेकर बाजारों और घाटों तक तैयारियां तेज हो गई हैं।

नहाय-खाय से होगी शुरुआत

छठ पर्व के पहले दिन व्रती नहाय-खाय के साथ अनुष्ठान शुरू करेंगे। इस दिन कद्दू-भात, चने की दाल और अन्य सात्विक व्यंजन बनाए जाते हैं। भोजन तैयार करने में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसी दिन से व्रती चार दिनों तक चलने वाले नियमों का पालन शुरू करते हैं।

शनिवार को होगा खरना

पर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना होगा। व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को स्नान कर भगवान सूर्य की पूजा करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाएगा। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों में भी इसे वितरित किया जाएगा। खरना के बाद करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है।

रविवार को संध्या अर्घ्य

तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती और उनके परिजन बांस के सूप, दउरा और टोकरी में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मूली, अदरक, नींबू और अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचेंगे। अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया जाएगा।

सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य

छठ पर्व के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा। छठ पर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का भी संदेश देता है। इस पर्व में समाज के सभी वर्गों के लोग श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *