Knews Desk – रणबीर कपूर की ‘रामायण’ सिनेमाघरों में रिलीज के 6 दिन पूरे कर चुकी है। फिल्म को फैंस का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसके वर्ल्डवाइड कलेक्शन के ताजा आंकड़े भी सामने आ गए हैं। विदेशों में भी फिल्म को पसंद किया जा रहा है। फिल्म के VFX की हर तरफ चर्चा हो रही है। हालांकि, फिल्म को लेकर कुछ आलोचनाएं भी सामने आई हैं। कुछ दर्शकों का कहना है कि फिल्म में फाइटिंग सीन्स तो काफी हैं, लेकिन इमोशन्स और अच्छे डायलॉग्स की कमी नजर आती है।
अब रामानंद सागर के टीवी सीरियल ‘रामायण’ में लक्ष्मण का रोल निभाने वाले एक्टर सुनील लहरी ने भी रणबीर कपूर की ‘रामायण’ देख ली है और अपना रिव्यू शेयर किया है। उन्हें फिल्म की कुछ चीजें काफी पसंद आईं, जबकि कुछ चीजों से वह निराश नजर आए। इससे पहले वह फिल्म के गानों की भी आलोचना कर चुके हैं। अब सोशल मीडिया पर एक्टर ने नया वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने फिल्म के डायलॉग्स और कुछ सीन्स को लेकर अपनी राय रखी है।
सुनील लहरी ने फिल्म के VFX की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “नमस्कार दोस्तों, अभी जो नई रामायण रिलीज हुई है उसे देखने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ। बहुत बड़े बजट की बड़ी फिल्म है। VFX वर्ल्डक्लास हैं। फिल्म का चित्रण बहुत ही सुंदर है। ये आंखों को बहुत अच्छा लगता है। जो भी रोल उन्हें दिए गए, वो सभी कलाकारों ने बहुत अच्छे से निभाए। बहुत ही दिल से निभाए हैं। फिल्म के कुछ सीन आउटस्टेंडिंग हैं।”
हालांकि, सुनील लहरी ने फिल्म के कुछ इमोशनल सीन्स और डायलॉग्स को लेकर निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा, “लेकिन मेरे हिसाब से फिल्म में कुछ इमोशनल सीन्स पर और डायलॉग्स पर ध्यान ही नहीं दिया गया। कुछ सीन हैं ही नहीं। परशुराम वाला सीन मुझे कमजोर लगा।”
आगे टीवी के लक्ष्मण ने फिल्म में कई महत्वपूर्ण सीन्स के शामिल नहीं होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अहल्या वाला सीन ही नहीं है। जिस तरह से शूर्पणखा इस फिल्म में भगवान राम को संबोधित करती है, वो सीन भी अच्छा नहीं लगा।”
सुनील लहरी ने आगे कहा कि फिल्म में ऐसे कई और सीन हैं जो कमजोर हैं और उनमें भक्ति भाव और दिव्यता कम लगती है। उनके मुताबिक, यह फिल्म शक्ति प्रधान ज्यादा और भक्ति प्रधान कम लगती है। उन्होंने दर्शकों से भी फिल्म देखने और अपने विचार साझा करने की अपील की।