‘अच्छा किया, धूमधड़ाके से मनाया त्योहार…’ दिवाली पर प्रदूषण को लेकर बोले सीएम योगी

KNEWS DESK- दिवाली पर आतिशबाजी और प्रदूषण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि दिवाली पर बहुत लोगों ने प्रदूषण होने की बात कही, लेकिन अगर प्रदूषण हुआ भी है तो वह समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों ने धूमधड़ाके के साथ दिवाली मनाई और उन्हें यह देखकर अच्छा लगा। सीएम ने बताया कि वह खुद अयोध्या में आतिशबाजी के दौरान मौजूद थे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्योहार पर लोग खुशी मनाते हैं तो कुछ लोगों को उसी समय प्रदूषण याद आने लगता है। उन्होंने कहा कि एक दिन आतिशबाजी करने से होने वाला प्रदूषण समाप्त हो जाएगा। सीएम ने भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनके बारे में कोई बात नहीं करता।

मुख्यमंत्री ने धनतेरस और अयोध्या के दीपोत्सव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर अब प्रदेश में लोग खुशी और उत्साह के साथ आयोजन कर रहे हैं। भाई दूज पर 60 साल से अधिक उम्र की माताओं और बहनों के लिए यूपी रोडवेज में मुफ्त यात्रा की सुविधा का भी उन्होंने उल्लेख किया।

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले त्योहार आने से पहले ही दंगे शुरू हो जाते थे। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में 1500 दंगे हुए और महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *