KNEWS DESK– केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के तहत एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 11 नवंबर 2026 को हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी।
मंजूर किए गए रूट में नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक मेट्रो कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। यह कॉरिडोर 8.449 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें कुल 5 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस विस्तार से एक्वा लाइन की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही यात्रियों को मैजेंटा लाइन और नई दिल्ली की ओर जाने के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। कैबिनेट बैठक में मेट्रो प्रोजेक्ट के अलावा कई अन्य बड़े फैसलों को भी मंजूरी दी गई। सरकार के मुताबिक, बैठक में मंजूर प्रस्तावों पर कुल 77,101 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा।
किसानों के लिए 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी
रबी फसलों के 2026-27 सीजन के लिए फॉस्फेटिक और पोटासिक उर्वरकों पर 62,370 करोड़ रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दी गई है। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक किसानों को DAP पुरानी कीमत 1,350 रुपये प्रति बैग पर मिलता रहेगा।
युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय को मंजूरी
कैबिनेट ने नई दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर में युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय विकसित करने को भी मंजूरी दी है। इसके लिए 3,230 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सरकार के अनुसार, करीब 1 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाला यह संग्रहालय भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगा।
मुद्रा योजना को लेकर बड़ा फैसला
मुद्रा योजना को अगले पांच साल के लिए बढ़ाने को भी मंजूरी दी गई है। सूक्ष्म इकाइयों और छोटे व्यवसायों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए 5,000 करोड़ रुपये का क्रेडिट गारंटी फंड बनाया गया है। वहीं, स्टैंड-अप इंडिया योजना के लाभार्थियों और छोटे उद्यमियों के लिए 4,111 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।