KNEWS DESK- ऑस्ट्रेलियाई हॉर्स रेसिंग जगत से दुखद खबर सामने आई है। 22 साल की जॉकी इजी नील का रेस के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद निधन हो गया। 8 नवंबर को न्यू साउथ वेल्स में आयोजित ‘वॉरेन शायर कॉटन कप’ प्रतियोगिता के दौरान वह अपने घोड़े मारनू से गिर गई थीं। गंभीर रूप से घायल इजी को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां लाइफ सपोर्ट पर रहने के बाद मंगलवार, 10 नवंबर को उन्होंने दम तोड़ दिया।
400 मीटर के मोड़ पर हुआ हादसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा रेस के दौरान करीब 400 मीटर के निशान पर हुआ। संतुलन बिगड़ने के बाद इजी घोड़े से नीचे गिर गईं और मौके पर ही अचेत हो गईं। गंभीर हालत में उन्हें एयर एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। हादसे के बाद प्रतियोगिता की आखिरी रेस रद्द कर दी गई। गंभीर चोटों के कारण इजी के घोड़े मारनू को भी मानवीय आधार पर इच्छामृत्यु देनी पड़ी। इसी घटना में एक अन्य जॉकी डिएगो मोंटेस डी ओका भी घोड़े से गिर गए और उनके पैर में चोट आई।
परिवार ने अंगदान का लिया फैसला
रेसिंग एनएसडब्ल्यू के आधिकारिक हैंडल पर परिवार ने इजी के निधन की पुष्टि की। परिवार ने बताया कि इजी को बचपन से ही घोड़ों से बेहद लगाव था और घुड़सवारी उनका जीवनभर का जुनून रहा। इजी के परिवार ने उनके अंगदान का फैसला भी किया है। परिवार के मुताबिक, इससे दूसरे लोगों को नया जीवन मिल सकेगा। उन्होंने रेसिंग समुदाय, एनएसडब्ल्यू जॉकी एसोसिएशन और अस्पताल के डॉक्टरों का आभार जताया।
न्यू साउथ वेल्स में हॉर्स रेसिंग के दौरान किसी जॉकी की मौत का यह अप्रैल 2017 के बाद पहला मामला है। इससे पहले जॉकी डैरेन जोन्स की एक रेस के दौरान मौत हुई थी।