KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में रामलला के दर्शन को लेकर अपना सियासी संदेश साफ किया है। उन्होंने कहा, “पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद।” अखिलेश ने कहा कि भगवान सबके हैं और अलग-अलग धर्मों में अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि वह अयोध्या के साथ केदारेश्वर और मथुरा में भी दर्शन के लिए जाएंगे।
अखिलेश यादव ने अपने परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि उनके घर में शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव पहले से हैं और उन्हें आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जब अवधेश और पवन उनके साथ हैं तो बीजेपी को घबराने की जरूरत नहीं है। उनका अयोध्या दौरा 12 दिसंबर को प्रस्तावित बताया जा रहा है और पार्टी की ओर से इसकी तैयारियां की जा रही हैं।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन पर अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है। उन्होंने वोटर लिस्ट को लेकर आधार लिंकिंग, मेटल आधार कार्ड और बायोमेट्रिक लिंकिंग जैसे सुझावों की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि अब सियासी लड़ाई 80-20 की नहीं, बल्कि 95-5 की है।
लखीमपुर की घटना को लेकर अखिलेश ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर योगी सरकार को घेरा। उन्होंने पुलिस के रिस्पॉन्स सिस्टम पर भी सवाल उठाए। वहीं, समाजवादी नेताओं के पोस्टर हटाए जाने के मुद्दे पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि क्या पोस्टर लगाने का बजट कम हो गया है।