मुंबई एयरपोर्ट की उड़ानें नवी मुंबई नहीं होंगी शिफ्ट, फडणवीस ने केंद्र को भेजा वैकल्पिक प्लान

मुख्यमंत्री ने टर्मिनल-1 के पुनर्विकास का प्रस्ताव रखा, दोनों एयरपोर्ट अपनी क्षमता के मुताबिक करेंगे संचालन

Knews Desk – मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विरोध जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुंबई एयरपोर्ट से किसी भी उड़ान को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की कोई योजना नहीं है। दोनों एयरपोर्ट अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार काम करेंगे और विमानन क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को पूरा करेंगे।

फडणवीस ने केंद्र को लिखा पत्र

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास का वैकल्पिक प्रस्ताव भी दिया है। मुख्यमंत्री की ओर से सुझाई गई योजना का उद्देश्य पुनर्विकास के दौरान एयरपोर्ट का संचालन जारी रखना है।

सूत्रों के अनुसार, फडणवीस का प्रस्ताव है कि पहले मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1B का निर्माण किया जाए। इसके बाद टर्मिनल-1A की उड़ानों और संचालन को 1B में स्थानांतरित किया जाए और फिर पुराने टर्मिनल-1A को ध्वस्त कर उसका पुनर्विकास किया जाए। इससे निर्माण कार्य के दौरान एयरपोर्ट का संचालन जारी रखा जा सकेगा।

14 अंतरराष्ट्रीय शहरों की उड़ानें शिफ्ट करने की थी योजना

दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट संचालक ने अगले साल गर्मियों से बहरीन, दोहा, जेद्दा, काठमांडू, कुवैत, मस्कट और रियाद समेत 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों की उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना बनाई थी। एयरलाइंस ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि बुनियादी ढांचे, मांग और कनेक्टिविटी की स्पष्टता के बिना संचालन को विभाजित करना मुश्किल है।

पिछले महीने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एयरलाइंस को बताया था कि टर्मिनल-1 को हटाने का काम अप्रैल 2027 से शुरू किया जाएगा। पुराने टर्मिनल को नए सिरे से विकसित करने का लक्ष्य 2030 तक रखा गया है। पुनर्विकास के बाद इसकी क्षमता बढ़कर 2 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष होने का लक्ष्य है, जबकि मौजूदा क्षमता डेढ़ करोड़ यात्री प्रतिवर्ष है।

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 में नॉर्थ-वेस्ट पियर का निर्माण कार्य जनवरी 2027 से शुरू होना है। इसके पूरा होने के बाद टर्मिनल-2 की क्षमता 4 करोड़ से बढ़कर 4.5 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष होने की उम्मीद है। विस्तार के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कुल यात्री क्षमता 5.5 करोड़ से बढ़कर 6.5 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष तक पहुंच जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *