KNEWS DESK- भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व आज 11 नवंबर 2026, बुधवार को पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हैं। पंचांग के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 और 11 नवंबर को पड़ रही है। इसी वजह से 11 नवंबर को यम द्वितीया का भी विधान किया जाता है। आइए जानते हैं भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ समय, पूजा विधि और पूजा की थाली में रखी जाने वाली जरूरी सामग्री।
भाई दूज 2026 पर तिलक और पूजा का शुभ समय
इस साल भाई दूज की तिथि 11 नवंबर 2026, बुधवार को है। भाई दूज की पूजा के लिए दोपहर 01:10 बजे से 03:20 बजे तक का समय शुभ माना गया है। पूजा की कुल अवधि 2 घंटे 10 मिनट रहेगी। पंचांग के अनुसार द्वितीया तिथि 10 नवंबर 2026 को दोपहर 02:00 बजे से शुरू हुई और 11 नवंबर 2026 को दोपहर 03:53 बजे तक रहेगी। इसी दौरान भाई दूज का पर्व मनाया जा रहा है।
भाई दूज का धार्मिक महत्व
भाई दूज को हिंदू धर्म में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित पर्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन यमुना जी ने अपने भाई यमराज को अपने घर पर आमंत्रित कर उनका सत्कार और भोजन कराया था। यमुना जी से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया था कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। इसी धार्मिक मान्यता के कारण भाई दूज को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों का तिलक कर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। भाई भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति स्नेह और सम्मान प्रकट करते हैं।
भाई दूज की पूजा विधि
भाई दूज के दिन सबसे पहले घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई कर पूजा की तैयारी करनी चाहिए। इसके बाद पूजा की थाली सजाकर भाई को शुभ दिशा में चौकी पर बैठाया जाता है। धार्मिक परंपरा के अनुसार भाई के सिर पर वस्त्र रखा जाता है।इसके बाद बहन भाई के माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाती है। तिलक के बाद भाई की आरती उतारी जाती है और उन्हें मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया जाता है। इसके बाद भाई को सूखा नारियल भेंट किया जाता है। बहन अपने भाई की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करती है।
भाई दूज की पूजा की थाली में क्या रखें
भाई दूज की पूजा की थाली में रोली, अक्षत, कलावा, मिठाई और नारियल रखना शुभ माना जाता है। इन्हीं सामग्रियों से भाई का तिलक और पूजा की जाती है। पूजा के दौरान बहनें भाई के लिए मंगलकामना करती हैं और भाई भी बहन की रक्षा और सुख-समृद्धि का संकल्प लेते हैं।
भाई दूज का पर्व भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और अपनापन बढ़ाने का अवसर माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और प्रेम के साथ भाई का तिलक करने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और भाई-बहन के रिश्ते में मिठास कायम रहती है।