सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ रिलीज हो गई है। किताब में गांधी परिवार से जुड़े निजी संस्मरणों के साथ इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार, 1984 के सिख दंगे, राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने और कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी की राजनीतिक यात्रा का जिक्र किया गया है। किताब में कुल सात अध्याय हैं, जिनमें सोनिया गांधी ने अपने जीवन और देश की कई महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं।
Knews Desk – किताब का पहला अध्याय ‘Love and Courtship’ है। इसमें सोनिया गांधी ने साल 1965 में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया है। इसके बाद दूसरे अध्याय ‘Finding My Way’ में भारत आने के बाद नए माहौल में खुद को ढालने और अपनी जगह बनाने के सफर के बारे में लिखा गया है।
इमरजेंसी और उससे जुड़े घटनाक्रम का जिक्र
तीसरे अध्याय ‘Triumphs and Defeats’ में 1975 में लगाई गई इमरजेंसी और उससे जुड़े पारिवारिक तथा राजनीतिक घटनाक्रमों का विवरण है। सोनिया गांधी ने किताब में इमरजेंसी के फैसले को एक भूल बताया है। उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी को भी बाद में इस फैसले का अहसास होने लगा था। किताब में यह भी लिखा गया है कि संजय गांधी इमरजेंसी जारी रखने के पक्ष में थे।
चौथा अध्याय ‘Rajiv as Prime Minister’ राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने, उनकी कार्यशैली और उनके कार्यकाल की प्रमुख घटनाओं पर केंद्रित है। सोनिया गांधी ने इस अध्याय में राजीव गांधी के राजनीतिक सफर और प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यों से जुड़े अनुभव साझा किए हैं।
पांचवें अध्याय ‘Denouement and Aftermath’ में मई 1999 के ‘विदेशी मूल’ विवाद और उसके बाद पैदा हुए राजनीतिक हालातों का जिक्र है। इसके बाद छठे अध्याय ‘Leading The Congress Party’ में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी की हत्या के बाद राजनीति से दूर रहने की अपनी इच्छा और बाद में कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने तक के सफर के बारे में लिखा है।
2004 से अगले दो दशकों की राजनीतिक यात्रा
सातवां और अंतिम अध्याय ‘Twenty Years On’ है। इसमें 2004 के आम चुनावों में UPA की जीत से लेकर अगले दो दशकों की सोनिया गांधी की राजनीतिक यात्रा का विवरण दिया गया है। किताब में मनमोहन सिंह, प्रणब मुखर्जी और सीताराम केसरी के साथ उनके संबंधों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ परिवार को लेकर उनके विचारों का भी उल्लेख किया गया है।
आत्मकथा में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से जुड़े कई निजी संस्मरण भी शामिल हैं। सोनिया गांधी ने ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी के दुखी होने का दावा किया है। उन्होंने लिखा है कि सेना की कार्रवाई के बाद इंदिरा गांधी की आंखों में आंसू थे और वह कार्रवाई में हुई मौतों को लेकर दुखी थीं।
किताब में 1984 के सिख दंगों का भी जिक्र है। सोनिया गांधी ने दावा किया है कि इन दंगों में RSS भी शामिल था। उन्होंने लिखा है कि कांग्रेस नेताओं और RSS से जुड़े लोगों पर भी दंगे के मामले दर्ज हुए। किताब में यह भी कहा गया है कि चार आयोगों, नौ समितियों और दो विशेष जांच टीमों के गठन के बावजूद पीड़ितों के लिए न्याय हासिल करना मुश्किल रहा।
दादी बनने के बाद इंदिरा गांधी के व्यवहार में बदलाव
सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी के स्वभाव से जुड़े कई संस्मरण भी साझा किए हैं। उनके मुताबिक, इंदिरा गांधी को कभी-कभी बहुत गुस्सा आता था और इससे घर तथा कार्यालय का स्टाफ सहम जाता था। उन्होंने एक कर्मचारी और कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता से जुड़े ऐसे प्रसंगों का भी जिक्र किया है।
हालांकि, सोनिया गांधी के मुताबिक दादी बनने के बाद इंदिरा गांधी के स्वभाव में बदलाव आया और उनके गुस्से की घटनाएं कम हो गईं।
सोनिया गांधी ने किताब को निजी संस्मरण बताया है और कहा है कि यह कोई राजनीतिक किताब नहीं है। किताब की शुरुआत उनके और राजीव गांधी के रिश्ते से होती है। इसके कवर पर सोनिया गांधी की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर है, जिसे राजीव गांधी ने 1966 में खींचा था। किताब के शुरुआती पेज पर इसे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पोते-पोतियों रेहान और मिराया को समर्पित किया गया है।