दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, छठ पूजा पर 16 नवंबर को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

KNEWS DESK- दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर 2026, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले सभी सरकारी कार्यालय, स्वायत्त निकाय और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम बंद रहेंगे। इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद अधिसूचना जारी की गई है।

दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने 9 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना में बताया कि प्रतिहार षष्ठी या सूर्य षष्ठी यानी छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। आदेश के मुताबिक यह अवकाश दिल्ली सरकार के सभी कार्यालयों, स्वायत्त संस्थाओं और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों पर लागू होगा।

अधिसूचना में कहा गया है कि सामान्य प्रशासन विभाग के संयुक्त सचिव प्रदीप तायल के हस्ताक्षर से जारी आदेश की प्रतियां उपराज्यपाल कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रिपरिषद के सचिवों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई हैं। दिल्ली नगर निगम (MCD) के आयुक्त और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के अध्यक्ष को भी इसकी जानकारी दी गई है।

छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का प्रमुख पर्व है। इस दौरान श्रद्धालु कठिन व्रत रखते हैं और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। दिल्ली में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ पूजा मनाते हैं। इस बार छठ पूजा का पर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक चलेगा। 15 नवंबर को श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाएगा।

दिल्ली सरकार ने छठ पूजा को देखते हुए राजधानी में 1,400 से अधिक घाट तैयार करने की योजना बनाई है। सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *