पाकिस्तान के F-16 होंगे और ताकतवर, अमेरिका ने मंजूर किया 5,900 करोड़ का रक्षा पैकेज

अमेरिका ने पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमानों के अपग्रेड और उनकी सर्विस लाइफ बढ़ाने के लिए 686 मिलियन डॉलर यानी करीब 5,900 करोड़ रुपये के रक्षा पैकेज को मंजूरी दी है। पैकेज में एवियोनिक्स, सॉफ्टवेयर, संचार और डेटा लिंक सिस्टम को आधुनिक बनाने के साथ स्पेयर पार्ट्स, तकनीकी सहायता और ट्रेनिंग भी शामिल है।

Knews Desk – पाकिस्तान की वायुसेना के F-16 लड़ाकू विमान अब पहले से ज्यादा आधुनिक और लंबे समय तक ऑपरेशन के लिए तैयार हो सकते हैं। अमेरिका ने पाकिस्तान के F-16 बेड़े के अपग्रेड और सर्विस लाइफ बढ़ाने के लिए 686 मिलियन डॉलर यानी करीब 5,900 करोड़ रुपये के रक्षा पैकेज को मंजूरी दी है। इस पैकेज के तहत विमानों के एवियोनिक्स, सॉफ्टवेयर, संचार और डेटा लिंक सिस्टम को आधुनिक बनाया जाएगा। साथ ही स्पेयर पार्ट्स, तकनीकी सहायता और ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

अमेरिकी दस्तावेज के मुताबिक, इस अपग्रेड का मकसद पाकिस्तान के Block-52 और Mid-Life Upgrade F-16 विमानों को आधुनिक बनाना और उनकी ऑपरेशनल लाइफ को 2040 तक बढ़ाना है। अमेरिका ने इस पैकेज को आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और अमेरिकी सेना के साथ पाकिस्तान की सैन्य इंटरऑपरेबिलिटी बनाए रखने से जोड़ा है। हालांकि, भारत ने पाकिस्तान को दी जा रही इस सैन्य सहायता पर चिंता जताई है।

अमेरिकी रक्षा विभाग के दस्तावेज के मुताबिक, 686 मिलियन डॉलर के कुल पैकेज में 37 मिलियन डॉलर के प्रमुख रक्षा उपकरण और 649 मिलियन डॉलर के अन्य उपकरण, सेवाएं और तकनीकी सहायता शामिल हैं। इसके तहत पाकिस्तान को 92 Link-16 सिस्टम दिए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा छह निष्क्रिय Mk-82 बम बॉडी भी पैकेज में शामिल हैं, जिन्हें हथियारों के एकीकरण और परीक्षण से जुड़ी गतिविधियों के लिए बताया गया है।

पैकेज में विमान के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में बदलाव, एवियोनिक्स अपडेट, सुरक्षित संचार प्रणाली, क्रिप्टोग्राफिक उपकरण, सटीक नेविगेशन सिस्टम, मिशन प्लानिंग सिस्टम, स्पेयर पार्ट्स, मरम्मत और तकनीकी सहायता भी शामिल है। इसका सबसे अहम हिस्सा Link-16 डेटा लिंक सिस्टम है। यह एक सुरक्षित सैन्य नेटवर्क है, जिसके जरिए लड़ाकू विमान, युद्धपोत, जमीन पर तैनात सैन्य इकाइयां और कमांड सेंटर आपस में सामरिक जानकारी साझा कर सकते हैं।

Link-16 सिस्टम के जरिए अलग-अलग सैन्य प्लेटफॉर्म के बीच रियल टाइम में जानकारी साझा की जा सकती है। युद्ध के दौरान किसी विमान को दुश्मन की गतिविधि, दूसरे लड़ाकू विमानों की स्थिति और सैन्य ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी नेटवर्क के जरिए मिल सकती है। इससे पायलट को सिर्फ अपने विमान के रडार पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और नेटवर्क से मिलने वाली जानकारी के आधार पर मिशन को बेहतर तरीके से अंजाम देने में मदद मिल सकती है। पाकिस्तान के F-16 बेड़े में 92 Link-16 सिस्टम शामिल करने का प्रस्ताव है। हालांकि, 92 सिस्टम का मतलब 92 लड़ाकू विमान नहीं है। यह डेटा लिंक से जुड़े उपकरणों की संख्या है।

पैकेज में F-16 के एवियोनिक्स यानी विमान के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को अपडेट करने का भी प्रावधान है। इसमें सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर में बदलाव के साथ पहचान, नेविगेशन और सुरक्षित संचार से जुड़े उपकरण शामिल हैं। इसके तहत Advanced Identification Friend or Foe यानी IFF सिस्टम भी दिया जाएगा। यह सैन्य विमान को मित्र और शत्रु विमान की पहचान करने में मदद करता है।

इसके अलावा क्रिप्टोग्राफिक उपकरणों के जरिए सैन्य संचार को सुरक्षित बनाया जाएगा। पैकेज में मिशन प्लानिंग सिस्टम, सिम्युलेटर, ट्रेनिंग उपकरण और तकनीकी दस्तावेज भी शामिल हैं। इन सुविधाओं से पाकिस्तान के मौजूदा F-16 बेड़े के रखरखाव और संचालन की क्षमता को बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

अमेरिकी दस्तावेज में कहा गया है कि इस पैकेज के जरिए पाकिस्तान के Block-52 और Mid-Life Upgrade F-16 विमानों का अपग्रेड और रिफर्बिशमेंट किया जाएगा। इससे इन विमानों की सर्विस लाइफ 2040 तक बढ़ाई जा सकेगी। यानी अमेरिका सिर्फ कुछ नए उपकरण नहीं दे रहा, बल्कि पाकिस्तान के मौजूदा F-16 बेड़े को लंबे समय तक ऑपरेशन में बनाए रखने के लिए तकनीकी और लॉजिस्टिक मदद भी दे रहा है।

पाकिस्तान को अमेरिकी सैन्य मदद दिए जाने का मुद्दा भारत ने अमेरिका के सामने भी उठाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 28 अक्टूबर 2026 को फिलीपींस के सेबू में ASEAN Defence Ministers Meeting-Plus के दौरान अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मुलाकात की थी। इस बैठक में दोनों देशों ने भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी, सैन्य तैयारियों, तकनीक साझा करने और रक्षा उद्योग में सहयोग पर चर्चा की।

रक्षा मंत्रालय की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, राजनाथ सिंह ने आतंकवादी संगठनों को समर्थन देने वाले देशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। इस बैठक में राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के F-16 कार्यक्रम को दी जा रही अमेरिकी सहायता पर भारत की आपत्ति भी दर्ज कराई। उन्होंने संवेदनशील अमेरिकी तकनीक पाकिस्तान को दिए जाने और उसके किसी तीसरे देश तक पहुंचने की आशंका को लेकर भी चिंता जताई।

अमेरिका का कहना है कि F-16 अपग्रेड पैकेज का उद्देश्य पाकिस्तान के मौजूदा विमानों की सुरक्षा, रखरखाव और अमेरिकी सेना के साथ तालमेल बनाए रखना है। अमेरिकी दस्तावेज में कहा गया है कि प्रस्तावित बिक्री से क्षेत्र का बुनियादी सैन्य संतुलन प्रभावित नहीं होगा। वहीं, भारत की चिंता है कि पाकिस्तान को आधुनिक सैन्य तकनीक और लंबे समय तक F-16 विमानों को ऑपरेशन में बनाए रखने की सुविधा मिलने से उसकी वायुसेना की क्षमता मजबूत हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *