सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ आज रिलीज, 2004 में PM पद ठुकराने का खोला राज

KNEWS DESK- कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love आज यानी 10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध हो गई है। किताब के प्रकाशित होने से पहले सामने आए एक अंश में सोनिया गांधी ने 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के अपने फैसले की वजहों का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उस समय उनके मन में राजनीतिक जिम्मेदारी और निजी आशंकाओं के बीच लगातार संघर्ष चल रहा था।

सोनिया गांधी के मुताबिक, 2004 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से इस मुद्दे पर चर्चा की थी। दोनों नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। इसके पीछे परिवार का अतीत भी एक बड़ी वजह था। राहुल और प्रियंका ने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का दर्द देखा था। उनके लिए प्रधानमंत्री पद का मतलब परिवार के लिए और ज्यादा खतरा था।

सोनिया ने लिखा कि चुनाव नतीजों के बाद उनके सामने एक तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की उम्मीदें थीं, जबकि दूसरी तरफ प्रधानमंत्री बनने को लेकर उनकी निजी आशंकाएं थीं। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि बीजेपी और उसके सहयोगी उनके विदेशी मूल को राजनीतिक मुद्दा बना सकते हैं।

किताब में सोनिया ने उस समय की घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि गठबंधन के नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाने उनके आवास पहुंचे थे। राहुल गांधी ने उनसे पूछा कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां क्यों कहा। प्रियंका ने भी उन्हें अपने पहले के फैसले पर कायम रहने की याद दिलाई।

आखिरकार सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद उनका लक्ष्य कभी नहीं रहा। इसके बाद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया। 2004 में यूपीए सरकार का नेतृत्व मनमोहन सिंह ने संभाला और सोनिया गांधी ने कांग्रेस संसदीय दल के नेता पद से हटने का फैसला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *