KNEWS DESK- दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। GRAP-3 के तहत सख्ती बढ़ाए जाने के बावजूद राजधानी के कई इलाकों में हवा बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। चांदनी चौक में AQI 400 दर्ज किया गया, जबकि पूसा में 398, नॉर्थ कैंपस में 376 और सिरी फोर्ट में 375 रहा।
बुराड़ी क्रॉसिंग में AQI 364, आईटीआइ दिल्ली और पंजाबी बाग में 361, जबकि अया नगर में 360 दर्ज किया गया। मुंडका में 342, आरके पुरम में 327, लोधी रोड में 324, वजीरपुर में 310 और रोहिणी में 307 AQI रहा। बदरपुर में 294, आनंद विहार में 292, अशोक विहार में 282, नरेला में 277, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 272 और अलीपुर में 261 AQI दर्ज किया गया। भारत में 301 से 400 AQI को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर श्रेणी माना जाता है। ऐसे में दिल्ली के कई इलाकों की हवा स्वास्थ्य के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है।
दिल्ली-NCR में 6 नवंबर को GRAP-3 लागू किया गया था। इसके तहत गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर रोक, कुछ वाहनों पर प्रतिबंध और प्राथमिक कक्षाओं के लिए हाइब्रिड मोड जैसे कदम उठाए गए हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदूषित हवा में लंबे समय तक रहने से खांसी, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।