दिवाली पर ससुराल पहुंचा पति, विवाद के बाद पत्नी पर चाकू से हमला; खुद को भी घायल किया

मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र में दिवाली के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ससुराल आए एक युवक ने कथित तौर पर विवाद के बाद अपनी पत्नी के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद युवक ने उसी हथियार से अपने गले पर भी वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Knews Desk– मामला नागफनी थाना क्षेत्र के दसवां घाट इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कटघर थाना क्षेत्र के करूला निवासी तौकीर और दसवां घाट निवासी फरीन के बीच काफी समय तक प्रेम प्रसंग रहा था। इसके बाद दोनों ने कुछ समय पहले ही लव मैरिज की थी।

शादी के बाद शुरू हुए पति-पत्नी के बीच विवाद

परिजनों के मुताबिक शादी के बाद से ही तौकीर और फरीन के बीच विवाद होने लगे थे। तौकीर मजदूरी करता था और आरोप है कि वह अपनी कमाई का पैसा शराब पीने में खर्च कर देता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

परिजनों के अनुसार शनिवार को दिवाली के मौके पर तौकीर अपनी ससुराल पहुंचा था। दोपहर करीब दो बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि तौकीर ने घर में रखे धारदार हथियार से फरीन के गले पर हमला कर दिया। हमले में फरीन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई।

इसके बाद तौकीर ने उसी हथियार से अपने गले पर भी वार कर लिया और वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

पुलिस के मुताबिक घायल पत्नी ने घटना के संबंध में पूरी जानकारी दी है। एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *