अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक नहीं होने के चलते लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है। शो को लंबे समय से होस्ट कर रहे बिग बी ने हाल ही में अपनी सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि डॉक्टर ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी है। अब उनकी तबीयत खराब होने की वजह से मेकर्स ने नए एपिसोड की शूटिंग रोकने का फैसला किया है।
KNEWS DESK- एक सूत्र ने जानकारी दी है कि अमिताभ बच्चन की खराब तबीयत के चलते फिलहाल ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए एपिसोड शूट नहीं किए जा रहे हैं। इस बीच चैनल दिवाली स्पेशल वीक के तहत पुराने एपिसोड दोबारा प्रसारित कर रहा है। इन एपिसोड में कई फिल्मी सितारे बतौर मेहमान नजर आए थे।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ शूट हुआ था आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड
सूत्र के अनुसार, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ शूट किया गया था। तीनों अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशन के लिए शो के सेट पर पहुंचे थे। बताया गया कि इस एपिसोड को फिल्म की रिलीज के आसपास प्रसारित करने की योजना थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन की तबीयत को देखते हुए मेकर्स को अपना प्लान बदलना पड़ा। फिल्म की रिलीज तक एपिसोड को रोककर रखने के बजाय चैनल ने दिवाली स्पेशल वीक की शुरुआत इसी एपिसोड के साथ करने का फैसला किया।
अगले सप्ताह शुरू हो सकती है शो की शूटिंग
सूत्र के मुताबिक, अगर अमिताभ बच्चन की तबीयत में सुधार होता है तो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शूटिंग अगले सप्ताह से दोबारा शुरू की जा सकती है। हालांकि, शूटिंग की वापसी पूरी तरह बिग बी की सेहत पर निर्भर करेगी। सूत्र ने बताया कि उम्मीद है कि अगले सप्ताह से शूटिंग शुरू हो जाएगी, लेकिन इसके लिए अमिताभ बच्चन की स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखा जाएगा।
अमिताभ ने ब्लॉग में दिनचर्या और सेहत का किया जिक्र
अमिताभ बच्चन ने शनिवार को अपने ब्लॉग में भी अपनी दिनचर्या और काम पर धीरे-धीरे लौटने को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि वह धीरे-धीरे अपनी दिनचर्या और काम की ओर वापस लौट रहे हैं। बिग बी ने अपने ब्लॉग में लिखा कि रोजमर्रा की जिंदगी में रहने पर इंसान उस दिनचर्या का आदी हो जाता है, लेकिन उससे दूर होने पर वही दिनचर्या अलग महसूस होने लगती है। उन्होंने यह भी बताया कि कभी-कभी उन्हें अपना चश्मा और मोबाइल जैसी चीजें याद नहीं रहतीं और कुछ घंटे पहले किए गए काम भी उनकी यादों से गायब हो जाते हैं।
हालांकि, अमिताभ बच्चन ने यह भी लिखा कि स्कूल की आठवीं कक्षा के दिनों की यादें उन्हें आज भी अच्छी तरह याद हैं। उनकी सेहत से जुड़ी इस जानकारी के बीच अब फैंस को उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ होकर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सेट पर वापसी करेंगे।