लंबे समय से फरार गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, रेखा आर्या की शिकायत पर दर्ज था केस

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर दर्ज मामले में पुलिस ने गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। एसआईटी की जांच के बाद कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था।

Knews Desk- उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे साहू की गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। अब गिरफ्तारी के बाद एसआईटी मामले का खुलासा कर सकती है।

रेखा आर्या की शिकायत पर देहरादून की कैंट कोतवाली में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी। जांच के दौरान अहम सबूत मिलने के बाद एसआईटी ने कोर्ट से उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट हासिल किया था। बयान दर्ज कराने के लिए उन्हें तीन नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन वह पेश नहीं हुए।

इससे पहले गिरधारी लाल साहू ने एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए नैनीताल हाईकोर्ट का रुख किया था। 4 नवंबर को हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने कहा था कि लगाए गए आरोप सिर्फ वैवाहिक विवाद तक सीमित नहीं हैं।

एफआईआर में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश, मारपीट, धमकी और दूसरी शादी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद एसआईटी अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस की ओर से पूरे मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *