Knews Desk- गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके से चौकी की खिड़कियों, दरवाजों और एसी को नुकसान पहुंचा। घटना के वक्त चौकी में मौजूद सब-इंस्पेक्टर और खाना डिलीवर करने पहुंचे 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल घायल हो गए। कांच के टुकड़े लगने से विशाल को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे दिल्ली के सूर्य नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाकर जांच शुरू कर दी है। इंदिरापुरम के ACP सूर्यबलि मौर्य ने बताया कि चौकी के भीतर धमाका हुआ है, लेकिन यह किस वस्तु या सामग्री के कारण हुआ, इसकी सटीक जानकारी तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
पुलिस चौकी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है और पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।