KNEWS DESK- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस और धन्वंतरि जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस धनतेरस ओडीओपी यानी वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट को उपहार के रूप में चुनें। आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के घर में स्वावलंबन और सम्मान का दीप जला सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धनतेरस समृद्धि, शुभता और मंगल का प्रतीक है। ऐसे में उत्सव में उन कारीगरों और शिल्पकारों को भी सहभागी बनाना चाहिए, जिनकी कला और मेहनत प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध कर रही है। उन्होंने भदोही के कालीन, प्रयागराज के मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौनों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 के 84 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
योगी ने कहा कि लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट तथा भदोही का कार्पेट बाजार पारंपरिक शिल्पों को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने लोगों से ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाने और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में योगदान देने की अपील की। धनतेरस के अवसर पर मुख्यमंत्री लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस के चयनित 4,543 उप निरीक्षकों और प्लाटून कमांडरों को नियुक्ति-पत्र भी वितरित करेंगे। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।